एक्ट्रेस अमीषा पटेल के खिलाफ वारंट जारी, 32 लाख का चेक हुआ बाउंस

Summary :

बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल कानूनी रूप से उलझती नजर आ रही हैं. उन पर चेक बाउंस का केस लगाया गया है। मामला 32 लाख रुपये से ज्यादा रकम का है। भोपाल जिला कोर्ट ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी करते हुए 4 दिसंबर को हाजिर होने के निर्देश दिए हैं।

 बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं।  भोपाल जिला कोर्ट के प्रथम श्रेणी न्यायाधीश रवि कुमार बोरासी ने एक्ट्रेस के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर को हाजिर होने के निर्देश भी दिए हैं। वहीं अगर अमीषा पटेल 4 दिसम्बर को जिला न्यायालय में पेश नहीं होती है तो उनके नाम का गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा सकता है। 
मामला 32 लाख 25 हजार के चेक बाउंस का है। अमीषा पटेल और उनकी कम्पनी M/S अमीषा पटेल प्रोडक्शन ने UTF टेलीफिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड से फिल्म बनाने के नाम पर 32 लाख 25 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसके ऐवज में उन्होंने 32 लाख 25 हजार के दो चेक दिये थे जो बाउंस हो गए थे।
 इसके बाद UTF टेलीफिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के अधिवक्ता रवि पंथ ने जिला न्यायालय में मामला लगाया था। इसी मामले को लेकर अमीषा पटेल को जमानती वारंट जारी किया गया है। 
बताया जा रहा है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल के खिलाफ इंदौर में भी चेक बाउंस मामले में केस दर्ज था। ये मामला 10 लाख की रकम का था। इसे लेकर याचिकाकर्ता के एडवोकेट नीतेश परमार ने बताया कि बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल ने करीब 6 महीने पहले इंदौर के पिंक सिटी में रहने वाली महिला निशा छीपा से फिल्म निर्माण के लिए 10 लाख रूपए लिए थे। 
अमीषा ने इसे वापस करने के लिए 24 अप्रैल 2019 की डेट का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया।  चैक इंदौर के एक बैंक में पेश किया था। 
अमीषा पटेल के खिलाफ रांची कोर्ट ने भी दो साल पहले अरेस्ट वारंट जारी किया था। प्रोड्यूसर अजय कुमार ने ढाई करोड़ रुपये के चेक बाउंस का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया ता कि उन्होंने एक्ट्रेस को 3 करोड़ फिल्म देसी मैजिक बनाने के लिए दिए थे। बाद में जब मांगने गए, तो उन्होंने नहीं दिया। जिसके बाद वह कोर्ट गए थे। 

Desk Team