Welcome To The Jungle Trailor: बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार आजकल अपनी खराब फिल्मों की वजह से सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हो रहे हैं। साल की शुरुआत में भले ही उन्होंने एक आध हिट फिल्म दी हो, लेकिन अब उनकी मच अवेटेड फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ (Welcome to the Jungle) का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर निराशा की लहर दौड़ गई है।
‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म होने के नाते फैंस को उम्मीद थी कि इस बार कॉमेडी का डबल डोज मिलेगा, लेकिन ट्रेलर देखने के बाद यह उम्मीद पूरी तरह से टूटती नजर आ रही है। फिल्म में जोक्स और मजेदार पलों से कहीं ज्यादा तो सिर्फ कलाकारों की भीड़ दिखाई दे रही है। ऐसा लग रहा है कि फिल्म मेकर्स ने कहानी से ज्यादा ध्यान एक्टर्स को ठूंसने में लगा दिया है।
Welcome To The Jungle Trailor: स्टार्स की लंबी डायरेक्टरी, पर गायब है कॉमेडी का असली स्वाद

फिल्म के ट्रेलर को देखकर पहली नजर में ऐसा लगता है कि आप कोई फिल्म नहीं बल्कि बॉलीवुड के कलाकारों की एक लंबी डायरेक्टरी देख रहे हैं। सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, लारा दत्ता, राजपाल यादव, जॉनी लीवर और कीकू शारदा समेत करीब 30 जाने-माने चेहरे इस फिल्म में नजर आ रहे हैं।
कहानी की बात करें तो यह ‘2000 करोड़ की एक फेक फिल्म’ बनाने के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें कभी हिट रहे और अब फ्लॉप चल रहे एक एक्टर (अक्षय कुमार) को हीरो लिया जाता है। लेकिन इतने सारे बड़े नामों के बावजूद ट्रेलर में वो स्पार्क या वो टाइमिंग बिल्कुल गायब है, जिसके लिए ‘वेलकम‘ सीरीज को जाना जाता था।
Welcome 3: मजनू भाई और उदय शेट्टी की कमी, वॉट्सऐप जोक्स से भी गए-गुज़रे डायलॉग्स
‘वेलकम‘ और ‘वेलकम बैक’ जैसी फिल्मों ने दर्शकों को ऐसे आइकॉनिक किरदार दिए जो आज भी मीम्स और वॉट्सऐप जोक्स के जरिए जिंदा हैं। लेकिन ‘वेलकम टू द जंगल‘ का ट्रेलर देखकर ऐसा लगता है कि इसके डायलॉग्स वॉट्सऐप पर मिलने वाले फॉरवर्डेड जोक्स से भी ज्यादा फीके हैं। फिल्म में मजनू भाई (अनिल कपूर) और उदय शेट्टी (नाना पाटेकर) की कमी साफ खल रही है।
उनके बिना यह पूरी महफिल एकदम सूनी और बेजान लग रही है। मेकर्स ने बेस्ट कॉमेडी सीन्स दिखाने की बजाय सिर्फ भारी-भरकम स्टार-कास्ट, अजीबोगरीब फिजिकल कॉमेडी और सस्ते वीएफएक्स (VFX) वाले शॉट्स दिखाने पर जोर दिया है, जो दर्शकों के गले नहीं उतर रहा।
Welcome to the Jungle: क्या ‘ब्रेन-रॉट’ सिनेमा के नाम पर दर्शकों का कटेगा टिकट?

एक दौर था जब बॉलीवुड में बिना दिमाग लगाए देखी जाने वाली ‘ब्रेन-रॉट‘ या लाउड कॉमेडी फिल्में खूब चलती थीं, लेकिन आज का दर्शक समझदार हो चुका है। ट्रेलर में जिस तरह से एक्टर्स को अजीब हरकतें करते और आर्मी की वर्दी में डकैतों के सामने कन्फ्यूज होते दिखाया गया है, वो हंसाने की बजाय सिरदर्द ज्यादा पैदा करता है।
सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर काफी नेगेटिव माहौल बनने लगा है। हालांकि, यह ट्रेलर के खराब एडिटिंग का नतीजा भी हो सकता है, लेकिन अगर पूरी फिल्म में भी यही हाल रहा तो 26 जून को सिनेमाघरों में इस ‘जंगल‘ का मंगल होना बेहद मुश्किल नजर आ रहा है। अक्षय कुमार के गिरते करियर ग्राफ के लिए यह फिल्म एक और बड़ा झटका साबित हो सकती है।
Social Media Reactions: फैंस बोले- “कॉमेडी के नाम पर बचपन बर्बाद कर दिया

‘वेलकम टू द जंगल’ का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और दर्शकों ने अपनी भड़ास निकालनी शुरू कर दी है। जहां कुछ लोग रवीना टंडन और अक्षय कुमार के बीच के डायलॉग ‘कहाँ थे तुम 20 साल से- अपने घर पर’ को महा-बकवास और उम्मीद से बिल्कुल परे बता रहे हैं, वहीं कुछ निराश फैंस ने तो इसे ‘तीस मार खां 2’ तक का नाम दे दिया है। सोशल मीडिया पर लोग इस बात से बेहद खफा हैं कि मेकर्स ने एक-दूसरे को रोस्ट करने के नाम पर फिल्म में सिर्फ कचरा जोक्स परोसे हैं।
हालांकि, अक्षय कुमार के कुछ गिने-चुने फैंस अभी भी यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि खिलाड़ी कुमार अकेले अपने दम पर इस पूरी डूबती नैया को पार लगा लेंगे, लेकिन ज्यादातर जनता का यही मानना है कि इतने बड़े बजट और 30 स्टार्स को लेकर ऐसी बचकानी कॉमेडी बनाना दर्शकों के साथ सरासर धोखा है।



Download Android App
Download iOS App




