ई-वाणिज्य कंपनी अमेजन इंडिया ने रविवार को कहा कि वह भारत औी अन्य देशों में उपभोक्ताओं की मदद के लिये ग्राहक सेवा संगठन में 20 हजार लोगों को अस्थायी आधार पर नौकरियां देने जा रही है।
कंपनी ने कहा कि ये नियुक्तियां उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिये की जा रही हैं। अगले छह महीनों में हैदराबाद, पुणे, कोयम्बटूर, नोएडा, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़, मंगलुरु, इंदौर, भोपाल और लखनऊ में ये नियुक्तियां की जायेंगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि अधिकांश पद अमेजन के ‘वर्चुअल ग्राहक सेवा’ कार्यक्रम का हिस्सा हैं। इसके तहत घर से काम करने की सुविधा दी जाती है। इनके लिये न्यूनतम शैक्षणिक अहर्ता 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होगी और अंग्रजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु या कन्नड़ में दक्षता की आवश्यकता होगी। ये लोग ई-मेल, चैट, सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से उपभोक्ताओं को सेवाएं देंगे।
अमेजन इंडिया के निदेशक (उपभोक्ता सेवा) अक्षय प्रभु ने कहा, “हम लगातार उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग को लेकर ग्राहक सेवा संगठन की जरूरतों को पूरा करने के लिये मूल्यांकन कर रहे हैं। हमारा अनुमान है कि अगले छह महीनों में ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी।”


Download Android App
Download iOS App



