आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान पर प्रदेश कांग्रेस ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर रोजगार दिलाने के नाम पर जनता को छलने का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार के दावे दरअसल हकीकत से बिल्कुल उलट हैं। इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस अभियान की शुरूआत को लेकर सवाल किया कि क्या सिर्फ प्रचार करने से युवाओं को रोजगार मिल जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने रविवार को कहा कि बीजेपी सरकार राज्य में सवा करोड़ लोगों को रोजगार देने का दावा कर रही है लेकिन यह कोरा झूठ और ठगी है। उन्होंने कहा कि गांवों में लोग जो काम सदियों से करते आ रहे हैं, सरकार बता रही है कि उसने यह रोजगार दिया है लेकिन इस गोरखधंधे और ठगी को जनता माफ नहीं करेगी।
यूपी आत्मनिर्भर रोजगार अभियान पर प्रियंका का तीखा सवाल-क्या सिर्फ प्रचार से मिलेगा रोजगार?
लल्लू ने कहा कि सरकार भले ही एक करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार देने का दावा कर रही है लेकिन जमीनी सच्चाई कुछ और ही है। उनके अनुमसार प्रदेश में रोजाना कहीं न कहीं से आर्थिक तंगी के वजह से लोग आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा,‘‘उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बिसंडा थाना क्षेत्र के अमलोहरा गांव में सूरत से लौटे प्रवासी मजदूर ने शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सिर्फ बांदा जिले में ही लॉकडाउन के दौरान 20 लोगों के आत्महत्या करने की खबरें आ चुकी हैं, आखिर इन मौतों का जिम्मेदार कौन है? अगर रोजगार मिल रहा है तो लोग आत्महत्या क्यों करने पर मजबूर हैं?’’
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी अपने साथ एक आर्थिक तबाही भी लेकर आई है तथा उत्तर प्रदेश का काँच उद्योग, पीतल उद्योग, कालीन उद्योग, बुनकरी, फर्नीचर उद्योग, चमड़े का उद्योग, होजरी उद्योग, डेयरी, मिट्टी बर्तन उद्योग, फिशरी-हेचरी उद्योग समेत सभी तरह के कारोबार को जबरदस्त झटका लगा है। लल्लू के मुताबिक उत्तर प्रदेश के लाखों बुनकरों की हालत अत्यंत खराब है, कुटीर और लघु उद्योग मंदी की मार सह रहे हैं लेकिन सरकार ने उनकी कोई मदद नहीं की।


Download Android App
Download iOS App



