अमूल ने रेलवे के साथ ट्विटर पर बातचीत के बाद भेजी मक्खन की पहली खेप

Summary :

NULL

डेयरी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमूल ने देश के विभिन्न हिस्सों में सामान पहुंचाने के लिये रेलवे की परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल शुरू किया है। इसके तहत रेलवे के रेफ्रीजिरेटिड पार्सल डिब्बे में मक्खन की पहली खेप भेजी गई है। दरअसल, डेयरी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी अमूल ने करीब महीने भर पहले भारतीय रेलवे को ट्विटर पर देश के विभिन्न हिस्सों में माल पहुंचाने के लिये रेलवे की सेवाओं का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में अमूल ने पूछा था कि वह देशभर में मक्खन पहुंचाने के लिए रेलवे के रेफ्रीजिरेटिड पार्सल डिब्बे का इस्तेमाल करना चाहता है।

अमूल ने आज अपने ट्विटर में लिखा, 17 मीटर्रक टन अमूल मक्खन का पहला शीतित डिब्बा पालनपुर से दिल्ली के लिए हमारी दूध रेलगाड़ी के साथ रवाना कर दिया गया है। इसके लिए अमूल ने त्वरित कदम उठाने के वास्ते भारतीय रेलवे का धन्यवाद किया। अमूल ने 23 सितंबर को भारतीय रेलवे को भेजे अपने कारोबारी प्रस्ताव में पूछा था- वह भारत में अमूल मक्खन की सप्लाई के लिए रेफ्रीजिरेटिड पार्सल वैन का इस्तेमाल करने का इच्छुक है। सलाह दें।

इस पर भारतीय रेलवे ने ट्विटर पर तुरंत कंपनी के ही प्रचलित टैग लाइन का इस्तेमाल करते हुये जवाब दिया – भारतीय रेलवे को अटर्ली बदर्ली दि टेस्ट ऑफ इंडिया को हर भारतीय तक पहुंचाने में प्रसन्नता होगी। भारतीय रेल आमतौर पर यात्रियों की परेशानी दूर करने के लिये ट्विटर हैंडल का इस्तेमाल करता है। लेकिन शायद यह पहला मौका है जब इसका इस्तेमाल किसी कारोबारी प्रस्ताव के लिये हुआ है। भारतीय रेलवे ने कुछ साल पहले खराब होने वाले सामान जैसे- फल, सब्जियों, मांस और चॉकलेट के सुविधाजनक परिवहन के लिए शीतित यान सेवा की शुरुआत की थी। हालांकि, ये सेवाएं कुछ विशिष्ट मार्ग पर ही उपलब्ध हैं।

Desk Team