‘एक बाप के कंधे पर बेटे की अर्थी…’, 49 साल के बेटे की मौत पर वेदांता ग्रुप के चेयरमैन का भावुक पोस्ट; जानें कितनी दौलत के मालिक हैं अनिल अग्रवाल

Summary :

Anil Agarwal Son Death News: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। वह 49 साल के थे। बेटे की मौत पर उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। मेरा अग्निवेश, मेरा 49 साल का बेटा, आज हमारे बीच नहीं रहा। एक बाप के कंधे पर बेटे की अर्थी जाए इससे बुरा और क्या हो सकता है। अग्निवेश अपने दोस्त के साथ अमेरिका में स्कीइंग करने गया था। वहां एक्सीडेंट हो गया। वो माउंट सिनाई हॉस्पिटल, न्यूयॉर्क में ठीक हो रहा था। हमें…

Anil Agarwal Son Death News: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल का अमेरिका में निधन हो गया। वह 49 साल के थे। बेटे की मौत पर उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज मेरे जीवन का सबसे दर्दनाक दिन है। मेरा अग्निवेश, मेरा 49 साल का बेटा, आज हमारे बीच नहीं रहा। एक बाप के कंधे पर बेटे की अर्थी जाए इससे बुरा और क्या हो सकता है। अग्निवेश अपने दोस्त के साथ अमेरिका में स्कीइंग करने गया था। वहां एक्सीडेंट हो गया। वो माउंट सिनाई हॉस्पिटल, न्यूयॉर्क में ठीक हो रहा था। हमें लगा सब ठीक हो जाएगा… लेकिन अचानक कार्डियक अरेस्ट हो गया। और हमारा बच्चा हमें छोड़कर चला गया।”

बेटे की मौत के बाद टूट गए अनिल अग्रवाल

उद्योगपति अनिल अग्रवाल ने आगे लिखा कि 3 जून 1976 को पटना में जब अग्नि हमारी दुनिया में आया, वो पल आज भी आंखों के सामने है। एक मिडिल क्लास बिहारी परिवार में जन्मा था अग्नि। तुम्हारे साथ बिताया गया हर एक पल आज बहुत याद आ रहा है बेटा। अपनी मां का दुलारा अग्नि बचपन में बेहद चंचल और शरारती था। हमेशा हंसता, हमेशा मुस्कुराता। यारों का यार था वो और अपनी बहन प्रिया को लेकर सबसे प्रोटेक्टिव भी।

उसने मेयो कॉलेज, अजमेर में पढ़ाई की। बेहद स्ट्रॉन्ग पर्सनालिटी थी अग्नि की-बॉक्सिंग चैंपियन, हॉर्स राइडिंग का शौकीन और कमाल का म्यूजिशियन। उसने फुजैराह गोल्ड जैसी शानदार कंपनी खड़ी की और हिंदुस्तान जिंक का चेयरमैन भी बना, लेकिन इन सबसे ऊपर अग्नि बेहद सिंपल था। हमेशा अपने फ्रेंड्स और कलीग्स के बीच में ही रहता था। जिससे भी मिलता, उसे अपना बना लेता था। वो हमेशा जमीन से जुड़ा रहा-सीधा, सच्चा, जिंदादिली और इंसानियत से भरा। वो सिर्फ बेटा नहीं था- वो मेरा दोस्त था, मेरी शान था, मेरी पूरी दुनिया था।

Anil Agarwal Son Death News: अनिल अग्रवाल ने ट्वीट कर बेटे को किया याद

अग्रवाल ने आगे लिखा, “मैं और किरन टूट से गए हैं। बस यही सोच रहे हैं कि हमारा बेटा तो चला गया लेकिन जो लोग हमारे वेदांता में काम करते हैं, वो सब अग्निवेश ही तो हैं। वो सब हमारे बेटे-बेटियां हैं। अग्नि और मेरा सपना था हिंदुस्तान को आत्मनिर्भर बनाना। वो हमेशा कहता था- “पापा, हमारे देश में क्या नहीं है? फिर हम किसी से पीछे क्यों रहें?” हमारी दिली इच्छा यही रही कि देश का कोई बच्चा भूखा न सोए। कोई बच्चा अनपढ़ न रहे। हर महिला अपने पैरों पर खड़ी हो और सभी युवाओं को रोजगार मिले।”

उन्होंने लिखा कि मैंने अग्निवेश से वादा किया था हमारे पास जितना भी धन आएगा, उसका 75 प्रतिशत से ज्यादा समाज के काम में लगाएंगे। आज वो वादा फिर दोहराता हूं। अब और भी सादगी से जीवन जीऊंगा और अपनी बाकी जिंदगी इसी में लगा दूंगा। हम उन सभी मित्रों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों का दिल से धन्यवाद करते हैं जो हमेशा अग्निवेश के साथ रहे।”

अंत में उन्होंने लिखा, “अभी तो साथ मिलकर बहुत कुछ करना था अग्नि। तुम्हें पूरी जिंदगी जीनी थी। कितने सपने थे, कितने अरमान थे, सब कुछ अधूरा ही रह गया। समझ नहीं आता, तुम्हारे बिना अब जिंदगी कैसे कटेगी बेटा। तुम्हारे बिना जिंदगी हमेशा अधूरी रहेगी, लेकिन तुम्हारे सपने अधूरे नहीं रहने दूंगा।”

Anil Agarwal Net Worth: कितनी दौलत के मालिक हैं Anil Agarwal?

अगर हम अनिल अग्रवाल की नेटवर्थ की बात करें, तो उनकी नेटवर्थ लाखों करोड़ रूपये में बताई जाती है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनिल अग्रवाल के पास 4.2 अरब डॉलर यानी 3.66 लाख करोड़ की दौलत है. उनके इनकम के कई सोर्स हैं। उन्हें वेदांता ग्रुप की कंपनियों, शेयरहोल्डिंग और निवेश से सबसे अधिक कमाई होती है। उनके पास इतनी संपत्ति है कि उन्हें देश के सबसे अमीर बिजनेस लीडर्स में गिने जाते हैं.

Agnivesh Agarwal Death: दान करेंगे अपनी संपत्ति का 75% संपत्ति

बेटे की मौत के बाद अनिल अग्रवाल पूरी तरह से टूट चुके हैं। उन्होंने एक फैसला लिया है कि वो अपनी कुल संपत्ति का 75 प्रतिशत हिस्सा समाज के कल्याण के लिए दान करेंगे। उनका कहना है कि यह फैसला उन्होंने बेटे के साथ देखे गए सपनों को पूरा करने के लिए लिया है। वो चाहते हैं कि उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा जरूरतमंदों तक पहुंचे। उनका दान किया हुआ पैसा खासकर शिक्षा, हेल्थ, और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

Who was Agnivesh Agarwal? अनिल अग्रवाल के परिवार में कौन-कौन?

अनिल अग्रवाल का पूरा परिवार हमेशा से लाइमलाइट से दूर रहने के लिए जाना जाता है। इस परिवार को लोग उनकी सादगी के लिए जानते हैं। अनिल अग्रवाल की पत्नी का नाम किरण अग्रवाल हैं, जो परिवार को संभाले हुए हैं। अनिल अग्रवाल के दो बच्चे थे। बेटा अग्निवेश अग्रवाल और बेटी प्रिया अग्रवाल। बेटे अग्निवेश ने हाल ही में अब दुनिया को अलविदा कह दिया है जिसके बाद परिवार को बड़ा झटका लगा है।

ये भी पढ़ें: फिर तिलमिलाया बांग्लादेश! भारतीय नागरिकों के वीजा किए सस्पेंड, आखिर क्यों लिया गया ये फैसला?

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।