पिछले एक महीने से कोरोना वायरस के कहर के चलते लगातार कच्चे तेल और पेट्रोल – डीजल के दाम में गिरावट दर्ज की गयी है। इसी बीच आम आदमी के लिए एक और अच्छी खबर सामने आयी है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतों में भारी गिरावट के बीच तेल विपणन कंपनियों ने रसोई गैस सिलिंडर की कीमतों में रविवार से कटौती की है।
देश की सबसे बड़ी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का बिना सब्सिडी वाला घरेलू रसोई गैस सिलिंडर आज से 53 रुपये सस्ता होकर 805.50 रुपये का रह गया है।
इससे पहले 12 फरवरी को इसकी कीमत 144 रुपये बढ़कर 858.50 रुपये की गयी थी। इसी कटौती के अनुरूप सब्सिडी वाले रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में ग्राहकों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का बोझ कम होगा।
कोलकाता में बिना सब्सिडी वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत आज से 56.50 रुपये घटकर 839.50 रुपये रह गयी है। मुंबई में इसमें 53 रुपये और चेन्नई में 45 रुपये की कटौती हुई है। अब मुंबई में एक सिलिंडर की कीमत 776.50 रुपये और चेन्नई में 826 रुपये हो गयी है। छह महीने में पहली बार रसोई गैस के दाम घटे हैं।


Download Android App
Download iOS App



