संतकबीरनगर : केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने भारत को एक उभरती हुई महाशक्ति बताते हुए कहा कि पौने चार साल के मोदी सरकार के शासन में देश भ्रष्टाचार मुक्त होने के साथ ही दुनिया की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। सिन्हा मगहर में आयोजित कबीर साहेब के 500 वें परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की विकास दर विकसित देशों से अधिक है।
देश की विकास दर 07 से 07.5 प्रतिशत होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि चीन की अर्थव्यवस्था को दुनिया में बड़ा माना जाता है। चीन की विकास दर हमेशा दस प्रतिशत से अधिक रही है। भारत की विकास दर दहाई अंक तक पहुंचाना है। जीएसटी से विकास दर में एक से डेढ़ प्रतिशत की वृद्धि होगी। सिन्हा ने कहा कि फरवरी 2018 के पहले सप्ताह से कबीर निर्वाणस्थली मगहर स्टेशन पर गोरखपुर-लखनऊ इण्टरसिटी ट्रेन का ठहराव शुरू हो जाएगा।
उन्होंने भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) एवं बीपीएनएल द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया के ड्रीम प्रोजेक्ट तहत संतकबीरनगर जिले के चार ब्लाकों को आप्टिकल फाइबर से जोड़ने की परियोजना का लोकार्पण भी किया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने डिजिटल इंडिया के द्वारा अर्थव्यवस्था को जो रफ्तार देने का सपना देखा है उसमें संचार विभाग की अहम भूमिका है। खलीलाबाद से बघौली होते हुए श्रावस्ती बहराइच तक नई रेल लाइन बिछाने की परियोजना को स्वीकृती मिल चुकी है। जिसका डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसके बाद टेण्डर डालकर भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएसएनएल के प्रति अवधारणा बदल रही है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



