विलनियस : गूगल की पैरेंट अल्फाबेट इंक. के नियंत्रण वाली एक कंपनी ने लिथुआनिया में इलेक्ट्रॉनिक मनी इंस्टीट्यूशन (ईएमआई) लाइसेंस हासिल किया है, जिससे कंपनी पूरे यूरोपीय संघ (ईयू) में भुगतान सेवाएं शुरू कर सकेंगी। एक रिपोर्ट में कहा गया, क्षेत्रीय फिनटेक लाइसेंसिंग हब बनने के प्रयासों के बीच बैंक ऑफ लिथुआनिया ने गूगल पेमेंट लिथुआनिया, यूएबी को शुक्रवार को ईएमआई लाइसेंस जारी किया है।
बैंक ऑफ लिथुआनिया के निदेशक मंडल के एक सदस्य मारियुस जरगिलास के हवाले से एक बयान में कहा गया, हमारे विनियामक वातावरण और इसके द्वारा प्रदान किए जाने वाले फायदों को स्टार्टअप्स और विश्वस्तरीय फिनटेक दोनों कंपनियों द्वारा स्वीकार किया गया है।
गूगल के प्रवक्ता एडम माल्कजक ने शुक्रवार को स्थानीय मीडिया से कहा, हम लगातार भुगतान उत्पादों को विकसित करने और अपने ग्राहकों का समर्थन करने के लिए काम कर रहे हैं। हमने इन प्रयासों के तहत लिथुआनिया में भुगतान लाइसेंस के लिए आवेदन किया। यह ईएमआई लाइसेंस कंपनी को इलेक्ट्रॉनिक मनी को जारी करने और रीडीम करने का तथा भुगतान सेवाएं चलाने का अधिकार देता है।
गूगल को ईएमआई लाइसेंस मिलने से एक हफ्ते पहले लिथुआनिया में ब्रिटिश स्टार्टअप- रिवॉल्ट को भी यह लाइसेंस दिया गया था। इसे दिलवाने में बैंक ऑफ लिथुआनिया की अहम भूमिका थी। इसके बाद कंपनी अपनी बैंकिंग सेवा पूरे यूरोप में शुरू कर सकेगी।


Download Android App
Download iOS App



