मुंबई : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के चेयरमैन रजनीश कुमार ने कहा कि कर्जदाताओं को जेट एयरवेज के लिए ‘बिना आमंत्रण वाली ‘ दो बोली मिली है। शुक्रवार के अंत एक और बोली मिलने की उम्मीद है। कुमार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई में 26 कर्जदाताओं की समिति ने 8 से 12 अप्रैल के बीच जेट एयरवेज के लिए रुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित किए थे और इसके लिए चार बोलियां मिली थीं।
समिति की जेट में 51 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वित्तीय बोली जमा करने की आखिरी तारीख शुक्रवार है और मीडिया में खबरें आ रही हैं कि चार बोलीदाताओं एतिहाद , राष्ट्रीय निवेश कोष एनआईआईएफ , निजी क्षेत्र के टीपीजी और इंडिगो पार्टनर में से किसी के भी वित्तीय बोली जमा करने की संभावना नहीं है। कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि जेट के लिए बिना आमंत्रण के दो बोलीदाताओं ने रुचि पत्र जमा किया है और हमें एक और बोली मिलने की संभावना है।
कर्जदाताओं की समिति ने एयरलाइन कंपनी की 31.2 प्रतिशत से 75 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी बेचने की पेशकश की है। मौजूदा समय में एयरलाइन पर बैंकों का 8,000 करोड़ रुपये बकाया है। उल्लेखनीय है कि वित्तीय संकट के चलते जेट एयरवेज ने 17 अप्रैल को परिचालन को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



