विकिमीडिया फाउंडेशन के एक शीर्ष कार्यकारी ने कहा है कि ऑनलाइन विश्वकोश विकिपीडिया की भारत के लिए एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है और विभिन्न समुदायों की भाषायी जरूरत को पूरा करने तथा पहुंच को आसान बनाने के लिए नए समाधान पेश करने पर जोर दिया जा रहा है। विकिपीडिया का संचालन गैर-लाभकारी संगठन विकिमीडिया फाउंडेशन द्वारा किया जाता है और भारत उसका पांचवा सबसे बड़ा बाजार है।
भारतीयों द्वारा प्रति माह इसे 75 करोड़ पेज व्यू मिलते हैं। विकीमीडिया फाउंडेशन की सीईओ कैथरीन मैहर ने कहा, ‘‘भारत हमारे लिए सिर्फ विकिपीडिया के उपयोग का पांचवां सबसे बड़ा स्रोत ही नहीं है, बल्कि यह उन करोड़ों लोगों का देश है, जिन्हें ज्ञान की वास्तविक जरूरत है… हमारा मानना है कि भाषाओं की विविधता हमारे लिए एक अवसर भी है और चुनौती भी।’’
उन्होंने कहा कि कुछ भाषायी समुदाय दूसरों के मुकाबले अधिक सक्रिय हैं और उनका संगठन देश की विभिन्न भाषाओं की जरूतरों को पूरा करने पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि उनके मंच पर ओडिया और मलयालम भाषा के उपयोगकर्ता अधिक सक्रिय हैं, जबकि हिंदी भाषी उपयोगकर्ता अपेक्षाकृत कम सक्रिय हैं।


Download Android App
Download iOS App



