मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के बाद भारतीय शेयर बाजार लगातार गिरावट में कारोबार कर रहा है। सुबह 9:18 पर सेंसेक्स 649 अंक, 0.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,920 और निफ्टी 184 अंक, 0.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,022 पर था। खबर लिखते समय तक Sensex में 190 अंको की गिरावट देखी गई है और निफ्टी भी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।
निफ्टी मिडकैप में गिरावट
शेयर बाजार में बड़े पैमाने पर गिरावट देखी जा रही थी। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 280 अंक, 0.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,756 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 66 अंक, 0.37 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 19,349 पर था। सूचकांकों में सबसे अधिक गिरावट निफ्टी मेटल, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी कंजप्शन में थी। इसके बाद निफ्टी ऑटो, निफ्टी इंडिया डिफेंस, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी इन्फ्रा, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी एफएमसीजी भी लाल निशान में थे।
आईटी और निफ्टी फार्मा हरे निशान में
दूसरी तरफ निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा में हरे निशान के साथ कारोबार हो रहा है। सेंसेक्स पैक में टीसीएस, एचसीएल टेक, पावर ग्रिड और एनटीपीसी हरे निशान में थे। टाटा स्टील, इंडिगो, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, एचडीएफीस बैंक, एलएंडटी, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, बीईएल, टाइटन, एमएंडएम, भारती एयरटेल, एसबीआई, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस और आईटीसी लाल निशान में थे।
एशिया के बाजार भी लाल निशान में
मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के कारण एशिया के बाजार भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग, बैंकॉक और सोल लाल निशान में था। लेकिन जकार्ता का बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहा था। वहीं, शुक्रवार को अमेरिकी बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे। मुख्य सूचकांक डाओ जोन्स 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ और टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 0.29 प्रतिशत की मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुआ।


Download Android App
Download iOS App




