एक टर्मिनल पर ही रहना चाहती है इंडिगो

Summary :

NULL

नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने कहा है कि उसे दिल्ली हवाई अड्डे पर टर्मिनल 2 पर जाने में कोई दिक्कत नहीं है, बशर्ते उसका पूरा परिचालन वहां स्थानांतरित किया जा सके। कंपनी के अध्यक्ष एवं पूर्ण कालिक निदेशक आदित्य घोष ने निवेशकों के साथ कॉन्फ्रेंस कॉल में एक सवाल के उत्तर में कहा ‘हम किसी भी विस्तार या विकास के काम का समर्थन करते हैं लेकिन, हम अपने परिचालन को दो जगह बांटना नहीं चाहते।’ उन्होंने कहा कि दो टर्मिनलों पर परिचालन बांट देने से एयरलाइन के उड़ान बदलने वाले यात्रियों को खासी दिक्कत होगी। साथ ही यदि कोई विमान खराब हो जाता है तो दूसरे विमान को उसकी जगह लाने में भी परेशानी हो सकती है। हवाई अड्डे की परिचालक कंपनी दिल्ली अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) ने टर्मिनल 1 की क्षमता दोगुनी करने के लिए उसका एक-तिहाई बोझ टर्मिनल 2 पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। टर्मिनल 1 से इंडिगो, स्पाइस जेट और गोएयर का परिचालन हो रहा था। गोएयर ने 29 अक्टूबर से अपना पूरा परिचालन स्थानांतरित कर लिया है जबकि इंडिगो और स्पाइसजेट ने इसके लिए मना कर दिया है। डायल ने अब दोनों को 04 जनवरी तक का समय दिया है।

 

Desk Team