नई दिल्ली : कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने घरेलू यात्री वाहन खंड में अपनी पकड़ मजबूत की है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी की इस खंड में बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 52.54 प्रतिशत पर पहुंच गयी। उधर, टाटा मोटर्स ने पहली तिमाही में होंडा कार्स इंडिया को पीछे छोड़ दिया।
इसके साथ ही कंपनी बाजार हिस्सेदारी के संदर्भ में चौथी सबसे बड़ी कंपनी बन गयी। सोसाइटी आफ इंडियन आटोमोबाइल मैनुफैक्चरर्स (सियाम) के ताजा आंकड़ों के अनुसार कुल घरेलू यात्री कारों की बिक्री चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 19.91 प्रतिशत बढ़कर 8,73,501 वाहन रही। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने अप्रैल-जून अवधि में 4,58,967 कारों की बिक्री की जो इससे पूर्व वर्ष की इसी तिमाही के 3,67,386 कारों के मुकाबले 24.93 प्रतिशत अधिक है।
बाजार हिस्सेदारी के संदर्भ में एमएसआई की हिस्सेदारी पहली तिमाही में 52.54 प्रतिशत रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 50.43 प्रतिशत थी। कंपनी की नई हैचबैक स्विफ्ट, काम्पैक्ट सेडान डिजायर, एसयूवी ब्रेजा तथा प्रीमियम हैचबैक बालेनो जैसे माडल की अच्छी मांग रही।


Download Android App
Download iOS App



