मुंबई : कई बार शौक के लिए किए गए काम भी इंसान का भाग्य चमका देते हैं। कुछ ऐसा ही मुंबई के एक 21 साल के युवक अब्दुल्ला खान के साथ हुआ। भले ही वह आईआईटी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सके लेकिन गूगल में उनको जो सैलरी पैकेज ऑफर हुआ है, उसका सपना हर आईआईटियन देखता है। इस हफ्ते खान को गूगल के लंदन ऑफिस में जॉब का ऑफर मिला है। उनका सैलरी पैकेज 1.2 करोड़ रुपये है।
यह पैकेज शहर के गैर आईआईटी इंजिनियरिंग कॉलेज के ग्रैजुएट को मिलने वाले पैकेज से करीब 30 गुना ज्यादा है। आमतौर पर ऐसे छात्रों को 4 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिलता है। मुंबई के एक कालेज के छात्र खान को गूगल ने इंटरव्यू के लिए बुलाया था। उनकी प्रोफाइल एक ऐसी साइट पर थी जो प्रोग्रामिंग से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन करती है।
उस साइट पर उपलब्ध खान की प्रोफाइल गूगल के रिक्रूटर्स को जंच गई और उनका ऑनलाइन इंटरव्यू लिया। इसके बाद खान को इस महीने के शुरू में गूगल के लंदन स्थित कार्यालय में फाइनल स्क्रीनिंग के लिए आने को कहा गया। खान को जो पैकेज मिला है, उसमें से 54.5 लाख रुपये सालाना तो उनकी बेस सैलरी है। इसके अलावा 15 फीसदी बोनस और चार सालों तक के लिए 58.9 लाख रुपये की कीमत का स्टॉक ऑप्शन शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



