नई दिल्ली : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के अंशधारक अब आनलाइन भविष्य निधि खाते को आधार से जोड़ सकते हैं। सरकार ने आधार को उमंग मोबाइल एप के जरिये सार्वभौमिक खाता संख्या (यूएएन) से जोड़ने की नई सुविधा शुरू की है। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ईपीएफओ ने अंशधारकों के लिये यूएएन को आधार से जोड़ने की सुविधा शुरू की है। वे उमंग एप में ईपीएफओ लिंक के जरिये सार्वभौमिक खाता संख्या को आधार से जोड़ सकते हैं।
नई सुविधा ईपीएफओ वेबसाइट पर उपलब्ध मौजूद सुविधा के अलावा है। ई-केवाईसी पोर्टल पर बायोमेट्रिक जानकारी का उपयोग कर आनलाइन यूएएन को आधार से जोड़ने के लिये नई विशेषता जोड़ी गयी है। ईपीएफओ ने ई-नामांकन सुविधा भी शुरू की है। उमंग या एकीकृत मोबाइल एप्लीकेशन एक एप है जिसे सरकार ने विभिन्न सरकारी सेवाओं को एक जगह उपलब्ध कराने के लिये शुरू किया है।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



