नई दिल्ली : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने 1,019 करोड़ रुपये की वसूली के लिये फंसे कर्ज वाले 11 खातों को बिक्री के लिये रखा है। इन एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) खातों को संपत्ति पुननिर्माण कंपनियों तथा वित्तीय कंपनियों को बेचा जाएगा। देश के सबसे बड़े बैंक ने कहा कि इन फंसे कर्ज (एनपीए) वाले खातों की नीलामी 22 नवंबर को होगी। एसबीआई ने अपनी वेबसाइट पर नीलामी नोटिस में कहा, ‘‘नियामकीय दिशानिर्देश के अनुरूप वित्तीय संपत्ति की बिक्री को लेकर बैंक की नीति के तहत हम इन खातों को संपत्ति पुनर्निर्माण कंपनियों (एआरसी)/ बैंक/ एनबीएफसी/ वित्तीय संस्थानों के समक्ष रखेंगे। इन 11 खातों में जानकी कारपोरेशन लि. के ऊपर सर्वाधिक 592.53 करोड़ रुपये का बकाया है।
अन्य खातों में वीनस रेमेडीज लि. के ऊपर 83.01 करोड़ रुपये, एसबीएस ट्रांसपोल लाजिस्टिक्स प्राइवेट लि. 63.36 करोड़ रुपये, आर एस लुथ एजुकेशन ट्रस्ट 60.62 करोड़ रुपये, नीलांचल आयरन एंड पावर लि. के ऊपर 52.41 करोड़ रुपये तथा बालमुकुंद पालीप्लास्ट के ऊपर 50.12 रुपये बकाये हैं। शेष पांच कंपनियों के ऊपर कुल बैंक का 117 करोड़ रुपये का बकाया है। एसबीआई ने कहा कि इन खातों में रूचि रखने वाली संपत्ति पुनर्निर्माण कंपनियां/बैंक/गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों/वित्तीय संस्थान रूचि पत्र जमा करने तथा खुलासा नहीं करने का समझौता करने के बाद इन खातों की तत्काल प्रभाव से जांच पड़ताल कर सकती हैं।


Download Android App
Download iOS App



