सकारात्मक वैश्विक रुझानों के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और इंफोसिस जैसे बड़े शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स में मंगलवार को शुरुआती कारोबार के दौरान करीब 500 अंकों की तेजी रही। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 485.97 अंक या एक प्रतिशत बढ़कर 49,050.24 पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह व्यापक एनएसई निफ्टी 134.05 अंक या 0.94 प्रतिशत बढ़कर 14,415.35 पर पहुंच गया। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी बजाज फाइनेंस में रही। इसके अलावा एसबीआई, ओएनजीसी, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक में भी बढ़त रही। दूसरी ओर आईटीसी और एचडीएफसी बैंक लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 470.40 अंक या 0.96 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48,564.27 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 152.40 अंक या 1.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 14,281.30 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने सोमवार को सकल आधार पर 650.60 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.44 फीसदी बढ़कर 54.99 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।


Download Android App
Download iOS App



