आज सुबह इस हफ्ते की शुरुआत के पहले कारोबारी दिन ही भारतीय शेयर बाजार ने अच्छी शुरुआत की थी। दिन के खत्म होते-होते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ़्टी एक बड़ी उछाल के साथ बंद हुए। सोमवार को कारोबार के अंत में सेंसेक्स (Sensex) 465 अंक की बढ़त के साथ 58,853 के स्तर पर बंद हुआ था तो वहीं निफ्टी (Nifty) 127 अंक की तेजी के साथ 17,525 के स्तर पर बंद हुआ था। आज के कारोबार में ऑइल-नेचुरल गैस और आईटी स्टॉक्स को छोड़कर सब में तेज़ी देखी गई थी।
बता दें कि वैश्विक बाजारों में मिलेजुले रुख के बीच एमएंडएम, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी जैसे शेयरों में बढ़त के चलते आज सुबह प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 110 अंक से अधिक बढ़ गया। हालांकि सेंसेक्स कमजोर रुख के साथ खुला, लेकिन शुरुआती सौदों में गिरावट की भरपाई करते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 111.88 अंक या 0.19 प्रतिशत बढ़कर 58,499.81 पर पहुंच गया। जबकि एनएसई निफ्टी 25.70 अंक या 0.15 प्रतिशत बढ़कर 17,423.20 पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की बढ़त महिंद्रा एंड महिंद्रा में हुई। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और मारुति बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इंफोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और आईसीआईसीआई बैंक में गिरावट हुई।


Download Android App
Download iOS App



