वैश्विक बाजारों में निवेशकों के सतर्कतापूर्ण रुख को देखते हुये स्थानीय शेयर बाजारों में भी बृहस्पतिवार को कारोबार की शुरुआत नरमी के साथ हुई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ महाभियोग चलाये जाने से निवेशकों ने सतर्कता बरती। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स अपने अब तक के रिकार्ड स्तर से नीचे की ओर आता हुआ कारोबार के शुरुआती दौर में 24.89 अंक यानी 0.06 प्रतिशत गिरावट के साथ यह 41,533.68 अंक पर आ गया।
इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी सूचकांक भी 7.60 अंक यानी करीब 0.06 प्रतिशत गिरकर 12,214.30 अंक पर आ गया। शुरुआती दौर में येस बैंक में सबसे ज्यादा 2.46 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, एचडीएफसी, टाटा स्टील और भारती एयरटेल का शेयर भी नरमी में रहा।
दूसरी तरफ महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा में 1.26 प्रतिशत की सबसे ऊंची बढ़त दर्ज की गई। एचसीएल टेक, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, टीसीएस और एचयूएल में भी बढ़त का रुख रहा। इससे पहले बुधवार को बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 206.40 अंक यानी 0.50 प्रतिशत बढ़कर 41,558.57 अंक के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 56.65 अंक यानी करीब 0.47 प्रतिशत बढ़कर 12,221.65 अंक रिकार्ड स्तर पर बंद हुआ।


Download Android App
Download iOS App



