मुंबई : शेयर बाजारों में गिरावट का सिलसिला बृहस्पतिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। अमेरिका तथा चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में गिरावट के साथ बीएसई सेंसेक्स 230 अंक गिरकर बंद हुआ। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 230.22 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37,558.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 37,405.40 से 37,780.46 अंक के दायरे में रहा।
इसी प्रकार नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 57.65 यानी 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,301.80 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 11,255.05 से 11,357.60 अंक के दायरे में रहा। सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज सर्वाधिक नुकसान में रही। कंपनी का शेयर 3.41 प्रतिशत नीचे आया। उसके बाद क्रमश: कोल इंडिया, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, कोटक बैंक, भारती एयरटेल, वेदांता, पावरग्रिड और एचडीएफसी बैंक तथा एचडीएफसी का स्थान रहा।
इन कंपनियों के शेयरों में 2.53 प्रतिशत तक की गिरावट आयी। दूसरी तरफ यस बैंक में सर्वाधिक 5.94 प्रतिशत तेजी दर्ज की गयी। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, हीरो मोटो कार्प, टीसीएस, एचयूएल, बजाज आटो, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक तथा टाटा मोटर्स 1.65 प्रतिशत तक मजबूत हुए।


Download Android App
Download iOS App



