एशियाई बाजारों के कमजोर रुख और विदेशी फंड की निकासी दोबारा शुरू होने के असर में घरेलू शेयर बाजार के मानक सूचकांक सेंसेक्स में सोमवार को शुरुआती कारोबार में 130 अंक से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। बीएसई में कारोबार शुरू होते ही एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में बिकवाली शुरू हो गई। इससे तीस शेयरों का सूचकांक सेंसेक्स 138.50 अंक गिरकर शरुआती कारोबार में 57,223.64 अंक पर आ गया।
इसी तरह एनएसई का सूचकांक निफ्टी भी 43.55 अंक गिरकर 17,109.45 अंक पर आ गया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फाइनेंस, एसबीआई, डॉ रेड्डीज, बजाज फिनसर्व, नेस्ले इंडिया, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
भारत ने रूस को US डॉलर में किया आयातित LNG का भुगतान
वहीं, मारुति सुजूकी इंडिया, आईटीसी, भारती एयरटेल और सन फार्मा के शेयर लाभ में रहे। पिछले सप्ताह सेंसेक्स 57,362.20 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 17,153 अंक पर रहा था। एशियाई बाजारों में टोक्यो और शंघाई नुकसान के साथ कारोबार कर रहे हैं जबकि हांगकांग और सोल के सूचकांक बढ़त पर दर्ज किए गए। अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रहे थे।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.65 प्रतिशत की गिरावट के साथ 117.45 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) का बिकवाली का रुख फिर से नजर आने लगा है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक एफआईआई ने शुक्रवार को 1,507.37 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। इस साल विदेशी निवेशक भारतीय बाजारों से अब तक 1,14,855.97 करोड़ रुपये की निकासी कर चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



