नई दिल्ली : विमानन नियामक डीजीसीए ने स्पाइसजेट के दो पायलटों को शनिवार को एक साल के लिए निलंबित कर दिया। उन्हें विमान को मुंबई हवाईअड्डे पर सही ढंग से नहीं उतारने पर निलंबित किया गया है। दो जुलाई को कोयंबटूर से मुंबई की उड़ान पर निकला बी737 विमान मुंबई हवाईअड्डे पर उतरते समय निर्धारित बिंदु के मुकाबले रनवे पर काफी आगे जमीन को छुआ जिससे विमान रुकते- रुकते रनवे से आगे निकल गया।
सूत्रों ने बताया कि डीजीसीए ने पाया कि दो जुलाई 2019 को कैप्टन करण गुजराल और कैप्टन अर्पित गांधी द्वारा उड़ाई जा रही स्पाइसजेट की कोयंबटूर- मुंबई उड़ान ने हवाईअड्डे पर रनवे को उसके शुरुआती बिंदु से आगे 4,462 फुट पर छुआ जिसके परिणामस्वरूप विमान रनवे पर रुकने के बजाय आगे निकल गया।
उन्होंने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने दोनों पायलटों को चार जुलाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया और 15 दिन में जवाब दाखिल करने को कहा। सूत्रों ने बताया कि उनके उत्तर संतोषजनक नहीं पाये गए हैं। परिणामस्वरूप डीजीसीए ने यह कार्रवाई की है। उसने बताया कि दोनों पायलटों को घटना की तारीख से अगले एक साल तक के लिए निलंबित किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



