Chhattisgarh fertilizer black marketing crackdown: छत्तीसगढ़ में रासायनिक उर्वरकों की कालाबाजारी को लेकर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा।
कृषि मंत्री ने रायपुर और दुर्ग संभाग के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं और आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उनके तेवर बेहद आक्रामक और स्पष्ट नजर आए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उर्वरकों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए और कहीं भी कृत्रिम कमी या जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई हो।
किसानों को समय पर खाद का भरोसा
श्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उन्हें समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में कृषि मंत्री ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही नवाचार, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और फसल परिवर्तन (क्रॉप डाइवर्सिफिकेशन) को बढ़ाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए।
विकसित भारत अभियान पर फोकस
इसके अलावा, उन्होंने 5 मई से 20 मई तक आयोजित होने वाले “विकसित भारत संकल्प अभियान” को लेकर भी अधिकारियों को गंभीरता और प्राथमिकता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसे पूरी जिम्मेदारी के साथ सफल बनाना होगा। बैठक के दौरान मंत्री के सख्त तेवर और स्पष्ट संदेश ने यह साफ कर दिया कि किसानों के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश में कृषि व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Download Android App
Download iOS App




