सवा लाख पार्थिव शिवलिंग पूजन के बीच 500 परिवारों की सनातन में घर वापसी

Summary :

शिवरीनारायण स्थित राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुवाधाम में सावन महोत्सव के अवसर पर सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन किया गया। इसी धार्मिक आयोजन के दौरान 500 धर्मांतरित परिवारों की वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक संस्कारों के साथ सनातन परंपरा में 'घर वापसी' कराई गई।

माँ शबरी की पावन धरा और प्रभु श्रीराम की तपोभूमि शिवरीनारायण स्थित राम मिलेंगे आश्रम, तेंदुवाधाम में सावन महोत्सव के अवसर पर सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन का आयोजन किया गया। इसी धार्मिक आयोजन के दौरान 500 धर्मांतरित परिवारों की वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक संस्कारों के साथ सनातन परंपरा में घर वापसी कराई गई।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुए पारंपरिक संस्कार

कार्यक्रम राम मिलेंगे आश्रम, कुमार दिलीप सिंह जूदेव सनातन फाउंडेशन एवं सेवा न्याय उत्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। अखिल भारतीय घर वापसी अभियान प्रमुख एवं छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बाद पारंपरिक संस्कार संपन्न कराए। इस दौरान परिवारों का पद प्रक्षालन कर उन्हें सनातन संस्कृति की मूल धारा से दोबारा जुड़ने का संकल्प दिलाया गया।

सनातन संस्कृति की रक्षा और धर्म जागरण जारी रहेगा: प्रबल प्रताप सिंह जूदेव

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि उनके पूज्य पिता महाराज कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने जिस संकल्प और समर्पण के साथ घर वापसी अभियान की शुरुआत की थी, उसे आगे बढ़ाना उनके जीवन का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की रक्षा, धर्म जागरण और अपनी मूल परंपराओं से दूर हुए परिवारों को सम्मानपूर्वक जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

प्रबल प्रताप सिंह जूदेव का सनातन संस्कृति को समर्पित संकल्प

भगवान शिव पर कथित अशोभनीय टिप्पणी का उल्लेख करते हुए जूदेव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सनातन किसी को छेड़ता नहीं, लेकिन उसकी आस्था और संस्कृति को चुनौती देने वालों को जवाब देने से पीछे भी नहीं हटता। उन्होंने कहा कि अधर्म और सनातन विरोधी कृत्यों का परिणाम समय स्वयं दिखाता है।

500 Families Return to Sanatan
500 Families Return to Sanatan

उन्होंने सनातन धर्म को भारत की संस्कृति, जीवन दर्शन और आध्यात्मिक परंपरा का आधार बताते हुए कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। घर वापसी अभियान इसी सांस्कृतिक जागरण की दिशा में निरंतर चलाया जा रहा प्रयास है।

कार्यक्रम में धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। डॉ. अशोक हरिवंशी, अंजू गबेल, जगन्नाथ दादा, महात्यागी बाबा, शालिनी अत्री, ज्योति जायसवाल समेत अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।