नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो द्वारा बढ़ाए गए किराए से 18 फीसदी तक उपभोक्ता मेट्रो से दूर होने के लिए मजबूर होंगे। यह दावा है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि किराया बढ़ाने से लगातार उपभोक्ता मेट्रो से दूर हो रहे हैं। वहीं नए उपभोक्ता भी नहीं जुड़ेंगे। ऐसे में अक्टूबर में बढ़ाया गया किराया जल्द वापस लिया जाना चाहिए। अपने पत्र में केजरीवाल ने कहा कि नवंबर 2017 में करीब साढ़े दस फीसदी उपभोक्ता घटे थे।
इसके अलावा मेट्रो दावा करता है कि हर वर्ष 8 से 9 फीसदी यात्री बढ़ रहे हैं। केजरीवाल का दावा है कि किराया वृद्धि से हर साल जुड़ने वाला यात्री भी दूर होगा। ऐसे में मेट्रो से 18 फीसदी तक यात्री दूरी बना लेंगे। उन्होंने कहा कि मेट्रो सार्वजनिक परिवहन का बेहतर साधन है। यह प्रदूषण के कारकों को रोकने में भी बेहतर भूमिका निभाती है। ऐसे में केंद्र सरकार को जल्द बढ़ाए किराये को वापस लेने की दिशा में काम करना चाहिए। केजरीवाल का दावा है कि किराया बढ़ाने के बाद मध्यम वर्ग के यात्री इसे छोड़ने के लिए मजबूर हो चुके हैं।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



