नई दिल्ली : जाफराबाद से तीन दोस्त शनिवार रात जॉय राइड के लिए इंडिया गेट आए। मगर लौटते वक्त रणजीत सिंह फ्लाई ओवर पर गाड़ी चला रहे युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सलमान (20) के रूप में हुई है। आरोप है कि बगल वाली सीट पर बैठे सलमान के दोस्त सुहैल ने उसे गोली मारी। हालांकि शुुरुआती जांच में सुहैल ने पुलिस को बताया कि उसके हाथ में पिस्टल थी। तभी ट्रिगर दबने से गोली चल गई।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। बाराखम्बा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपी आमिर को हिरासत में ले लिया है। वहीं सूत्रों की मानें तो मृतक सलमान और आरोपी सुहैल की एक ही लड़की से दोस्ती की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए भी जांच कर रही है।
टिक-टॉक बनाने में गई दोस्त की जान !
एक तरफ सलमान के परिजनों ने दोस्तों पर बेटे की बेरहमी से गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया है, वहीं गिरफ्तार आरोपी सुहैल ने पुलिस के आगे खुलासा किया है कि वह पिस्टल लेकर टिक-टॉक वीडियो बना रहा था। एक हाथ में पिस्टल थी और दूसरे हाथ में फोन था। उसे नहीं पता कि कैसे अचानक से पिस्टल का ट्रिगर दबा और गोली चल गई।
गोली सीधे सलमान के गाल के पास जा लगी। हादसे के बाद वह बुरी तरह से घबरा गया। यह घटना रणजीत सिंह फ्लाई ओवर के ऊपर उस वक्त घटी, जब तीनों दोस्त इंडिया गेट घूमने के बाद वापस लौट रहे थे। मगर यहां बड़ा सवाल ये है कि अगर सलमान गाड़ी चला रहा था और उसे गोली लगी तो गाड़ी को कंट्रोल किसने किया। गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त क्यो नहीं हुई।
घर ले गया गाड़ी, बदले कपड़े… आरोप है कि हादसे के बाद सुहैल ने तुरंत अपने बड़े भाई को कॉल कर घटना की जानकारी दी। जिसके बाद सुहैल रात करीब पौने 11 बजे गाड़ी लेकर दरियागंज स्थित अपने दूसरे माकान पर पहुंचा। जहां पहले से ही सलमान का एक जानकार इमरान मौजूद था। इमरान ने बताया कि उस वक्त सलमान कंडेक्टर वाली सीट पर लहूलुहान पड़ा था। आरोपी सुहैल ने अपने भाई को फोन कर दूसरे कपड़े भी मंगवाए और बदल लिए थे। आरोपी सुहैल और उसके पिता अकरम से अस्पताल चलने के लिए कहा। जहां डॉक्टरो ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाराखम्बा थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी सुहैल को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी आमिर को भी हिरासत में ले लिया है। वारदात के बाद सुहैल ने हथियार और खून से सने कपड़े छिपाने की भी कोशिश की। पुलिस जांच कर रही है कि सलमान की मौत एक्सीडेंटली गोली चलने से हुई या फिर उसकी हत्या की गई। – मधुर वर्मा, डीसीपी न्यू दिल्ली


Download Android App
Download iOS App



