आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि अगर भाजपा दिल्ली के नगर निगमों को नहीं चला पा रही है तो वह इस्तीफा दे दे और निगमों के 2022 में होने वाले चुनाव से पहले आप को इनका प्रभार संभालने दे। आप की टिप्पणी ऐसे समय आई है जब एमसीडी के कर्मियों के वेतन का भुगतान नहीं होने को लेकर दोनों पक्षों में टकराव चल रहा है।
आप प्रवक्ता आतिशी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि अगर आप को एमसीडी पर एक साल के लिए शासन करने दिया जाता है तो फिर दिल्ली के लोग भाजपा के पांच साल और आप के एक साल के कार्यकाल के गवाह बनेंगे और उसे आंकेंगे। दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आप पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया और अरविंद केजरीवाल सरकार से निगमों का 13000 करोड़ रुपये बकाया जारी करने को कहा।
उधर, आप के विधायक कुलदीप कुमार ने दावा किया कि दलित विरोधी मानसिकता के कारण भाजपा पिछड़े समुदाय के सदस्यों को रोज प्रताड़ित करती है और उनका वेतन तक नहीं दे रही है। आप की विधायक राखी बिड़लान ने भी कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा दलितों के साथ खड़े रहे हैं। इसपर भाजपा प्रवक्ता कपूर ने कहा कि आप के विधायक एक खास समुदाय को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच, उत्तरी दिल्ली के महापौर जयप्रकाश और पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने संयुक्त रूप से पूछा कि दिल्ली सरकार सहायक अनुदान की तीसरी किस्त कब जारी करेगी। प्रकाश ने कहा कि बृहस्पतिवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा था कि वेतन देने के लिए 938 करोड़ रुपये जारी किए जा रहे हैं। जैन ने कहा कि दिल्ली सरकार ने 938 रुपये जारी करने के लिए आज तक कोई स्वीकृत नोट तैयार नहीं किया है और यह अब तक सिर्फ एक घोषणा है।


Download Android App
Download iOS App



