नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दिल्ली सरकार द्वारा दी जा रही बिजली सब्सिडी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर पलटवार किया है। संजय सिंह ने कहा कि जब से भाजपा के नेता विजय गोयल ने यह बयान दिया है कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार बनती है तो दिल्ली की गरीब जनता को मिलने वाली 200 यूनिट मुफ्त बिजली और 400 यूनिट तक आधे दामों में मिलने वाली बिजली योजना को समाप्त कर देंगे तब से दिल्ली की जनता के बीच एक अजीब सी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ तो केजरीवाल सरकार दिल्ली की जनता को बिजली सब्सिडी मुहैया करा रही है, जिससे आज दिल्ली के लाखों परिवारों को लाभ मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता इस बात का ऐलान खुलेआम कर रहे हैं कि अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार आई, तो भाजपा जनता को मिलने वाले इस लाभ को समाप्त कर देगी। इस असमंजस की स्थिति को साफ करने के लिए मैंने केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के दिल्ली प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर को पत्र लिखकर उनसे कुछ प्रश्न पूछे हैं।
संजय सिंह ने पूछा कहा कि दिल्ली में भाजपा 200 यूनिट तक फ्री बिजली दिए जाने के फैसले को खत्म क्यों करना चाहती है? 400 यूनिट तक आधे दाम की छूट को खत्म करके दिल्ली की जनता को मिलने वाली राहत क्यों खत्म करना चाहती है? भाजपा नेताओं और बिजली कंपनियों के बीच क्या गोपनीय समझौता हुआ है? इसे सार्वजनिक करें।
संजय सिंह ने कहा कि आज दिल्ली की जनता में भाजपा के इस बयान से घोर निराशा है जनता के मन में भाजपा के प्रति बेहद गुस्सा है। उन्होंने कहा कि यदि एक सांसद को 50 हजार यूनिट सालाना मुफ्त बिजली मिल सकती है तो एक गरीब आदमी को मात्र 2400 यूनिट मुफ्त बिजली क्यों नहीं दी जा सकती?


Download Android App
Download iOS App



