नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को केन्द्रीय बजट 2019 का स्वागत करते हुए कहा कि यह भारत के किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के सपनों को साकार करने वाला बजट है। बजट में हर वर्ग के लोगों का ध्यान रखा है जिसके लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद है।
उन्होंने कहा कि खासतौर से दिल्ली के व्यापारियों और मेट्रो को इस बजट से गति मिलेगी। अगले पांच वर्षों में यही सशक्तता का भाव देश के विकास का पावर हाउस बनाएगा। ऐतिहासिक केन्द्रीय बजट 2019 अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन को सुधारने के लक्ष्य के साथ काम करेगा। शिक्षा के क्षेत्र को अधिक सशक्त बनाने के साथ-साथ विदेशी छात्रों को भारत में शिक्षा लेने के अवसर दिए जाएंगे। सरकार स्टडी इन इंडिया योजना लॉन्च करेगी। इसके तहत विदेशी छात्रों को भारत में उच्च शिक्षा दी जाएगी।
तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अभी तक 26 लाख घरों का निर्माण पूरा हो चुका है, 24 लाख को घर दिया जा चुका है। इस योजना से दिल्ली के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। हमारा लक्ष्य 2022 तक हर किसी को पक्का घर देने का है। मोदी सरकार देश को आधुनिक बना रही है जिसमें 657 किलोमीटर मेट्रो को चालू किया है, जबकि 300 किलोमीटर नए मेट्रो प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। दिल्ली के मेट्रो फेज-4 को भी इसका लाभ मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App



