नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बांग्लादेशी गिरोह के तीन कुख्यात डकैतों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमरुल उर्फ कमाल, सहिदुल इस्लाम उर्फ अब्बु शाहिद और नजरुल के रूप में की है। कमरुल गिरोह का सरगना है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो पिस्टल, चार कारतूस और बांग्लादेश के दो पासपोर्ट बरामद किए हैं। इस गिरोह का देश भर में आतंक था। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने कर्नाटक, ओडिसा, गोआ और लखनऊ में डकैती की छह वारदातों को सुलझाने का दावा किया है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच डॉ. राम गोपाल नाइक ने बताया कि आरोपियों को एसीपी पंकज सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि कुख्यात बांग्लादेशी गिरोह इंडिया में एक्टिव है। कमरुल उर्फ कमाल नाम का बदमाश गिरोह को चला रहा है। इसके बाद पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य सरायकाले खां इलाके में आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम में शामिल एसआई राजीव, अशोक, एएसआई बीर सिंह, विजय कुमार, अशोक, शिव कुमार, एसचसी विजय, कांस्टेबल शशि आदि ने जाल बिछाकर आरोपियों को सराय कालेखा बस टर्मिनल के पास से दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक यह गिरोह देश भर में जगह-जगह डकैती व लूट की वारदातों को अंजाम देता और मोटा हाथ मारने के बाद वापस बांग्लादेश लौट जाता। वहां लूट की रकम व सामान को आपस में बांट लेते। बाद में फिर वारदातों को अंजाम देने के लिए भारत आते थे। यह गिरोह पॉश कॉलोनी में बंद फ्लैट, कोठी व घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की भी वारदातों को अंजाम देता था। कोई सामने आता तो उससे मारने तक से नहीं चूकते थे। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना कमरुल आठ बार और सहिदुल तीन बार भारत आ चुका है। कमरुल पर एक दर्जन, नजरुल पर 21 और सहिदुल पर छह मुकदमे दर्ज हैं।


Download Android App
Download iOS App



