पूर्वी दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और शिल्पा शेट्टी द्वारा बीते दिनों अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान फिल्म के डांस निर्देशक के स्टेप्स और एक परिधान की तुलना करते हुए दलित समुदाय को ठेस पहुंचाने का मामला काफी गरमा गया है। इसे लेकर दिल्ली समेत देशभर में जगह-जगह दलित समाज के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ताजा मामला पूर्वी दिल्ली स्थित एमसीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन का है। यूनियन के बैनर तले शनिवार को सैकड़ों के तादात में कर्मचारियों, महिलाओं और वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए अभिनेता सलमान खान और अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पुतले जलाए।
साथ ही गांधी नगर थाने में अनुसूचित जाति एक्ट 3 (1)10 और आईपीसी एक्ट की धारा 500 के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे यूनियन अध्यक्ष संजय गहलोत ने बताया कि ये अभिनेता अपनी सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए किसी विशेष समुदाय को लेकर जातिगत टिप्पणी करने से भी नहीं चुकते हैं।
उन्होंने बताया कि यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी कुमार विश्वास और राखी सावंत ने भगवान वाल्मीकि को लेकर ऐसी टिप्पणी कर दी थी जिससे करोड़ों वाल्मीकि समुदाय के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची थी। बाद में जब इनके खिलाफ यूनियन द्वारा फर्श बाजार और मयूर विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी तब कहीं इन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



