तेलंगाना के महबूबनगर और निजामाबाद में पानी, बिजली की कमी और सड़कों की खराब हालत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कार्यवाहक मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को कहा कि ‘वोट के लिए उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए।’ महबूबनगर जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राव ने कहा, ‘‘आप किस तरह ऐसा झूठ बोल सकते हैं… प्रधानमंत्री के जिम्मेदार पद पर होने के नाते वोट के लिए आपको झूठ नहीं बोलना चाहिए।’’
राव की बेटी के. कविता लोकसभा में निजामाबाद का प्रतिनिधित्व करती हैं। राव ने कहा कि केंद्र में ‘संघीय मोर्चा’ सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘नरेंद्र मोदी तेलंगाना में बिजली की कोई दिक्कत नहीं है…झूठ मत बोलिए। मुझे यह कहते हुए अफसोस हो रहा है। आप एक मुख्यमंत्री के खिलाफ झूठे आरोप नहीं लगा सकते। मैं किसी से नहीं डरता। मैं (आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन) चंद्रबाबू नायडू नहीं हूं।’’
चंद्रशेखर राव ने दावा किया कि तेलंगाना देश का अकेला राज्य है जहां किसानों को चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति की जाती है। उन्होंने मोदी से सवाल किया कि भाजपा शासित राज्यों में कृषि क्षेत्र को क्या 24 घंटे बिजली दी जाती है। मोदी ने तेलंगाना में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री ने एक बार कहा था कि वह लंदन की तरह निजामाबाद को स्मार्ट सिटी में बदल देंगे लेकिन यह शहर पानी, बिजली की कमी का सामना कर रहा है और सड़क की हालत भी ठीक नहीं है।


Download Android App
Download iOS App




