पूर्वी दिल्ली : कल्याणपुरी इलाके में महज टोपी न देने पर शुरू हुई दो बच्चों के बीच की लड़ाई एक युवक की हत्या पर जाकर खत्म हुई। दरअसल लड़ाई कर रहे किशोरों में बीच-बचाव करने आए 22 वर्षीय युवक को ही एक किशोर ने कुछ देर बाद चाकू मार दिया। घायल आकाश को उपचार के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए, जहां उपचार देने के बाद उसे छुट्टी दे दी। देर रात युवक की हालत बिगड़ी तो उसे जीटीबी अस्पताल ले गए, वहां से लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया।
चाकू लगने से युवक की आंत फट गई थी, जिसके चलते उसका ऑपरेशन करना पड़ा। गत 23 अप्रैल से वह अस्पताल में ही भर्ती था, लेकिन शुक्रवार देर रात 2 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक आकाश परिवार सहित त्रिलोकपुरी के छह-ब्लॉक में रहता था। परिवार में माता पिता, एक भाई, दो बहन व अन्य सदस्य हैं। गत 22 अप्रैल को उसके ताऊ के बेटे गुलशन (15) टोपी लगाकर गली में खड़ा था। उसी दौरान 11-ब्लॉक में रहने वाला 16 वर्षीय किशोर उससे टोपी मांगने लगा।
टोपी न देने पर किशोर ने उसके साथ लड़ाई शुरू कर दी। इस पर आकाश ने दोनों को समझाकर मामला शांत करा या। उसी दिन शाम करीब पांच बजे वह अपने ममेरे भाई के साथ 12 ब्लॉक में मौसी के घर जा रहा था। तभी आरोपी नाबालिग ने उसका पीछा करते हुए 12 ब्लॉक चौक के पास उसकी कमर में चाकू घोंप दिया। करण व आकाश ने नाबालिग को मौके पर ही दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस ने अभी बाल सुधार गृह में भेज दिया है।
एफआईआर से तीन आरोपियों के नाम हटाए
आकाश के जीजा सांतू भारती का आरोप है कि इस मामले में पुलिस ने एफआईआर से तीन आरोपियों के नाम हटा दिए हैं। वारदात के समय किशोर के साथ तीन और लड़के थे। दो किशोर को मारने के लिए भड़का रहे थे, जबकि तीसरे लड़के ने ही चाकू निकालकर हमलावर को दिया था। मगर पुलिस ने एफआईआर में उन तीन लड़कों का कोई जिक्र नहीं किया गया है।
किसकी लापरवाही जो नहीं हुआ पोस्टमार्टम
परिजनों ने आकाश की मौत की सूचना सुबह छह बजे जांच अधिकारी एसआई संदीप को दे दी थी। वह 12 बजे तक अस्पताल नहीं पहुंचे। इससे शनिवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। वहीं वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच अधिकारी कोर्ट में था। हालांकि दोपहर में एसीपी कल्याणपुरी समेत कई पुलिस अधिकारी पीड़ित परिवार लाक नायक की मोर्चरी पहुंचे थे, लेकिन मौजूद स्टॉफ ने साफ कह दिया कि 12 बजे के बाद पोस्टमार्टम नहीं होता, डॉक्टर जा चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



