पारा गिरने से दोबारा बढ़ेगी ठंड, चलेगी शीत लहर

Summary :

वीकेंड पर कड़ी ठंड दोबारा से दस्तक देने वाली है। इस दौरान 26 जनवरी से न्यूनतम तापमान गिरना शुरू हो जाएगा और शीत लहर चलने से ठिठुरन बढ़ जाएगी।

नई दिल्ली : राजधानी में वीकेंड पर कड़ी ठंड दोबारा से दस्तक देने वाली है। इस दौरान 26 जनवरी से न्यूनतम तापमान गिरना शुरू हो जाएगा और शीत लहर चलने से ठिठुरन बढ़ जाएगी। हालांकि जनवरी माह विगत वर्षों की सर्दी के मुकाबले अभी तक कम ठंडा रहा है।दिल्ली में गुरुवार को हुई बारिश ने ठंड को बढ़ा दिया और शुक्रवार को भी बारिश आने की संभावना बन रही है।

गुरुवार को दिल्ली के अनेक इलाकों में बूंदाबांदी रही। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केन्द्र दिल्ली के प्रमुख डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 26 जनवरी से दोबारा से न्यूनतम तापमान कम होने की संभावना बन रही है। ऐसे में शीत लहर बढ़ेगी और जनवरी माह के अंत में सर्दी दोबारा से अपना असर दिखाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान कोहरा भी रहेगा, लेकिन एक-दो घंटे बाद उसका असर कम हो जाएगा। 26 जनवरी की सुबह भी कोहरा छाया रहेगा।

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान एक डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान दो डिग्री अधिक रहा है। दिल्ली में शाम साढ़े पांच बजे तक तीन मिमी बारिश दर्ज की गई। जनवरी माह में सुबह साढ़े आठ बजे तक 48.5 मिमी, 221 फीसद अधिक बारिश दर्ज हो चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2009 से अभी तक सबसे अधिक बारिश हो चुकी है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी भागों में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री और न्यूनतम तापमान चार से डिग्री गिरने के कारण शीत लहर व तीव्र शीत लहर चलेगी। दो दिन घना और बहुत घना कोहरा पड़ेगा। 25 जनवरी से लेकर 30 जनवरी के बीच शीत लहर जारी रहेगी। शुक्रवार केा मध्यम से घना कोहरा रहने के साथ-साथ हल्की वर्षा और फुहार पड़ने की संभावना भी रहेगी। इसी तरह 26 की सुबह भी बहुत घना कोहरा पड़ सकता है।

Desk Team