नई दिल्ली : एलजी अनिल बैजल की नाक के नीचे ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। यह कहना है उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का। शनिवार को दिल्ली विधानसभा में एलजी के अभिभाषण पर अपने विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों को हमने चपरासी के लायक भी नहीं समझा उन्हें बड़ी-बड़ी पोस्टिंग दे दी गईं। यही वजह है कि दिल्ली में अधिकारी रिश्वत ले रहे हैं। भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि इसकी खबर एलजी को है या नहीं, लेकिन यह सच है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हम जानते हैं कि दिल्ली में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए जो शक्तियां चाहिए वो भी केंद्र सरकार के पास हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि एसीबी, सीबीआई तोता-मैना सब आपके पास हैं तो क्यों नहीं उनको भेज कर ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई करते हैं।
किया दिल्ली का विकास
एलजी के अभिभाषण पर आभार व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लगाई गई तमाम रोक के बावजूद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने विकास किया। दिल्ली सरकार द्वारा किया गया कार्य इतिहास में दर्ज होगा और इस पर हमें फक्र है।
पीएम पर साधा निशाना
पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश एक सुर में प्रधानमंत्री से संवेदनशीलता दिखाने की उम्मीद कर रहा है। देश एक्शन चाहता है और देश की इच्छा है कि पाक को सीधा संदेश दिया जाए। ऐसे में पीएम को देश के बार्डर की चिंता होनी चाहिए, लेकिन उनको इस बात की चिंता है कि दिल्ली में बैठी आप की सरकार क्या कर रही है।
सिसोदिया ने कहा कि जहां एक ओर पुलवामा अटैक ने पूरे देश को हिला कर रख दिया वहीं इस घटना के दौरान जवान मरते रहे और देश के प्रधानमंत्री चार घंटे तक मॉडलिंग करते रहे।


Download Android App
Download iOS App



