दिल्ली में अज्ञात गैंग का तांडव! आधे घंटे में दिनदहाड़े तीन वारदात, CCTV में कैद पिस्टल ताने बदमाश

Summary :

Delhi Gang Crime News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी रोड और आसपास के इलाकों में देर रात अपराधियों ने लगातार तीन गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया। ये घटनाएं जाफराबाद थाना और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में हुईं, जिनके बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। Delhi Gang Crime News: पहली घटना, मोबाइल छीनने के दौरान युवक को मारी गोली पहली घटना जाफराबाद थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मैन रोड पर हुई। यहां करीब 40 वर्षीय आबिद नाम के व्यक्ति से बदमाशों ने मोबाइल फोन छीनने की…

Delhi Gang Crime News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी रोड और आसपास के इलाकों में देर रात अपराधियों ने लगातार तीन गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया। ये घटनाएं जाफराबाद थाना और न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में हुईं, जिनके बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया। वारदातों को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।

Delhi Gang Crime News: पहली घटना, मोबाइल छीनने के दौरान युवक को मारी गोली

पहली घटना जाफराबाद थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मैन रोड पर हुई। यहां करीब 40 वर्षीय आबिद नाम के व्यक्ति से बदमाशों ने मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। जब आबिद ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

Delhi Gang Crime News (Image- Social Media)
Delhi Gang Crime News (Image- Social Media)

Delhi Daylight Robbery: दूसरी घटना, बुजुर्ग महिला से लूट

पहली वारदात के बाद बदमाश न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में पहुंचे। वहां उन्होंने लक्ष्मी जनरल स्टोर को निशाना बनाया। दुकान पर बैठी एक बुजुर्ग महिला के सिर पर पिस्टल तानकर बदमाशों ने गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये लूट लिए। महिला ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने उसे डराया-धमकाया और वहां से भाग निकले।

Delhi Crime News: तीसरी घटना: मिठाई की दुकान पर हमला

इसके बाद बदमाशों ने पास ही स्थित गोस्वामी मिष्ठान भंडार पर हमला किया। यहां उन्होंने हलवाई को पिस्टल दिखाकर लूटने की कोशिश की। जब हलवाई ने विरोध किया तो बदमाश ने तमंचे की बट से उसके हाथ पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

Delhi Gang Crime News (Image- Social Media)
Delhi Gang Crime News (Image- Social Media)

घायलों का इलाज और पुलिस की कार्रवाई

घायल आबिद को तुरंत जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। न्यू उस्मानपुर और जाफराबाद थाना के एसएचओ के साथ एसीपी सुरेंद्र और एडिशनल डीसीपी संदीप लांबा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

बदमाशों की पहचान, पुलिस ने बनाई टीमें

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले की जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

दुकानदारों में डर, सुरक्षा को लेकर चिंता

लगातार हुई इन वारदातों के बाद इलाके के दुकानदारों में डर का माहौल है। मौजपुर वार्ड से भाजपा निगम पार्षद अनिल कुमार ने कहा कि जाफराबाद, सीलमपुर और ब्रह्मपुरी रोड जैसे इलाकों में अपराध बढ़ रहे हैं। दुकानदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: नए साल पर Delhi Police की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन जगहों पर गाड़ियों की नो एंट्री

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।