UPSC की तैयारी छोड़ बना गैंगस्टर का मुखबिर, 10 करोड़ की रंगदारी का खेल बेनकाब

Delhi : UPSC की तैयारी छोड़ बना गैंगस्टर का मुखबिर, 10 करोड़ की रंगदारी का खेल बेनकाब

Delhi : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई-हरी बॉक्सर गैंग की 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक मैथ्स के टीचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमित बिश्नोई उर्फ रुद्र प्रताप सिंह (35) के तौर पर हुई है। आरोपी ने गैंगस्टर हरी बॉक्सर के कहने पर कारोबारी के कार्यालय की रेकी कर उसका वीडियो बनाकर विदेश में बैठे गैंगस्टर को भेजा था।

डीसीपी (स्पेशल सेल) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी टीचर को एसीपी (एनडीआर) विवेक त्यागी की देखरेख में इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता और पंकज चौहान की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से हरियाणा के हिसार का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली के शालीमार बाग में रह रहा था।

पुलिस के मुताबिक गत 15 जून को मुखर्जी नगर निवासी एक कारोबारी को विदेशी व्हाट्सएप नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को हरी बॉक्सर बताते हुए एक सप्ताह के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की धमकी दी। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर कारोबारी और उसके बच्चों की हत्या करने की चेतावनी दी। इतना ही नहीं, उसने कारोबारी के कार्यालय का वीडियो भेजकर उसे बम से उड़ाने की धमकी भी दी।

रेकी कर गैंगस्टर को भेजा था वीडियो

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी अमित बिश्नोई की जानगारी जुटाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह बी.टेक. करने के बाद मुखर्जी नगर में यूपीएससी और एसएससी की तैयारी करने आया था। बाद में वह विभिन्न कोचिंग संस्थानों में गणित पढ़ाने लगा।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि वर्ष 2014 में हरियाणा में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उसकी मुलाकात लॉरेंस बिश्नोई से हुई थी। वह उससे कफी प्रभावित हुआ था। बाद में वह हरी बॉक्सर के संपर्क में आ गया। हरी बॉक्सर के निर्देश पर उसने कारोबारी और उसके परिवार की जानकारी जुटाई, कार्यालय की रेकी की और वीडियो बनाकर गैंगस्टर को भेजा, जिसके आधार पर पीड़ित को धमकाया गया।

स्पेशल सेल ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने गैंग के लिए और किन लोगों की रेकी की थी तथा इस रंगदारी नेटवर्क में उसके अन्य सहयोगी कौन-कौन हैं।

यह भी पढ़ें : डोडा में बादल फटने से भारी तबाही; बाढ़ में बह गईं कई गाड़ियां, मलबे में दबीं दुकानें; किश्तवार नेशनल हाईवे बंद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Are you human? Please solve:Captcha


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।