गाज़ीपुर डंप साइट का काम तय समय से पहले पूरा करें : हर्ष मल्होत्रा

Summary :

Delhi : राजधानी में दशकों पुराने कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने की दिशा में चल रहे अभियान की समीक्षा करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को गाजीपुर डंप साइट पर लिगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्यों का जायजा लिया। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की मौजूदगी में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से गाजीपुर डंप साइट पर बायो-माइनिंग और रेमेडिएशन कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने…

Delhi : राजधानी में दशकों पुराने कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने की दिशा में चल रहे अभियान की समीक्षा करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तथा भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को गाजीपुर डंप साइट पर लिगेसी वेस्ट के निस्तारण कार्यों का जायजा लिया।

दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही की मौजूदगी में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से गाजीपुर डंप साइट पर बायो-माइनिंग और रेमेडिएशन कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भलस्वा, ओखला और गाजीपुर स्थित तीनों लिगेसी वेस्ट डंप साइटों पर चल रहे बायो-माइनिंग एवं वैज्ञानिक निस्तारण कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीक से कचरे के प्रसंस्करण के जरिए अब तक कुल 95 एकड़ भूमि पुनः उपयोग के लिए उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसमें भलस्वा से 45 एकड़, ओखला से 30 एकड़ और गाज़ीपुर से 20 एकड़ भूमि शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, इस भूमि का भविष्य में योजनाबद्ध विकास और सार्वजनिक उपयोग किया जा सकेगा, जिससे शहरी पर्यावरण को भी लाभ मिलेगा।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जुलाई 2022 से जुलाई 2026 के बीच एमसीडी ने तीनों डंप साइटों पर 212.60 लाख मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट का बायो-माइनिंग के माध्यम से वैज्ञानिक निस्तारण किया है। निगम ने इसे राजधानी की सबसे बड़ी पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि शेष 109.50 लाख मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एकीकृत बायो-माइनिंग परियोजना के तीसरे चरण की निविदाएं आमंत्रित कर दी गई हैं। इस चरण के पूरा होने के बाद तीनों डंप साइटों पर वर्षों से जमा लिगेसी वेस्ट के पूर्ण निस्तारण का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि लिगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण केवल कूड़े के पहाड़ हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे प्रदूषण में कमी आएगी, पर्यावरण की गुणवत्ता बेहतर होगी, मूल्यवान शहरी भूमि दोबारा उपयोग में लाई जा सकेगी और दिल्लीवासियों के जीवन स्तर में भी सुधार होगा।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए, संचालन संबंधी बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना अधिकतम दक्षता के साथ कार्य पूरा किया जाए।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से दिल्ली नगर निगम राजधानी को स्वच्छ, हरित और सतत विकास वाला शहर बनाने के लक्ष्य पर तेजी से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि एमसीडी पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों के जरिए सभी लिगेसी वेस्ट स्थलों का पूर्ण निस्तारण करने तथा स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, अभियंता-प्रमुख पी.सी. मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : पीजीटी, टीईटी परीक्षाओं पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, आयोग ने अभ्यर्थियों को किया सतर्क

Avinay