Delhi Traffic Police: दिल्ली में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर ट्रैफिक पुलिस के आला अधिकारियों ने अब दिल्ली में जाम की समस्या को जड़ से खत्म करने की ठान ली है। इसी कड़ी में मंगलवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस मुख्यालय में ट्रैफिक पुलिस और पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) के बीच एक अहम कोऑर्डिनेशन मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक जाम कम करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कई ठोस कदमों पर चर्चा हुई। बैठक में एडिशनल जनरल डायरेक्टर जगजीवन राम मीणा के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी की टीम और ज्याइंट सीपी ट्रैफिक संजय त्यागी के नेतृत्व में एडिशनल सीपी विजयंता आर्या, ट्रैफिक डीसीपी एसके सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहें।
मीटिंग में ट्रैफिक मैनेजमेंट को और प्रभावी बनाने के लिए व्यस्त इलाकों और प्रमुख कॉरिडोर में फ्लाईओवर के नीचे पुलिस बूथ स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। अधिकारियों का मानना है कि इससे ट्रैफिक कर्मियों की मौजूदगी बढ़ेगी, रिस्पॉन्स टाइम सुधरेगा और जाम की स्थिति में तुरंत नियंत्रण संभव हो सकेगा। इसके अलावा, सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने पर भी खास जोर दिया गया। इसमें रोड रीमार्किंग को दुरुस्त करना, रंबल स्ट्रिप्स लगाना, लेन अनुशासन को सख्ती से लागू करना और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सेंट्रल वर्ज ग्रिल के रखरखाव जैसे उपाय शामिल हैं।
अधिकारियों ने एक्सीडेंट-प्रोन और जाम वाले स्थानों की पहचान कर वहां ट्रैफिक इंजीनियरिंग इंटरवेंशन लागू करने पर सहमति जताई। पीडब्ल्यूडी से इन उपायों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द लागू करने का अनुरोध किया गया। साथ ही, दोनों विभागों के अधिकारियों को संयुक्त सर्वे करने के निर्देश दिए गए, ताकि जमीनी स्तर पर समस्याओं की सही पहचान कर व्यावहारिक समाधान निकाले जा सकें।
Also Read: Delhi में आज गिरेंगे ओले, UP-Bihar में आंधी-बारिश, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल


Download Android App
Download iOS App




