खजूरी खास में जाम से मिलेगी मुक्ति! सर्विस रोड का चौड़ीकरण शुरू, 20 दिनों तक रहेगा डायवर्जन

Summary :

Khajuri Khas Road Widening: पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक पर लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए अब बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने खजूरी सर्विस रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत करीब 50 मीटर लंबे हिस्से को चौड़ा किया जा रहा है, जिसके चलते सर्विस रोड को अगले 20 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। दरअसल, इस सर्विस रोड का एक हिस्सा सिर्फ 12 मीटर चौड़ा था, जबकि आगे का रास्ता करीब 20 मीटर तक फैला हुआ है। इसी असमान चौड़ाई…

Khajuri Khas Road Widening: पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक पर लंबे समय से लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए अब बड़ा कदम उठाया गया है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने खजूरी सर्विस रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। इस परियोजना के तहत करीब 50 मीटर लंबे हिस्से को चौड़ा किया जा रहा है, जिसके चलते सर्विस रोड को अगले 20 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। दरअसल, इस सर्विस रोड का एक हिस्सा सिर्फ 12 मीटर चौड़ा था, जबकि आगे का रास्ता करीब 20 मीटर तक फैला हुआ है। इसी असमान चौड़ाई की वजह से यहां अक्सर भारी जाम लग जाता था। सुबह से लेकर देर रात तक वाहन चालकों को लंबी कतारों में फंसा रहना पड़ता था, जिसका असर आसपास की गलियों तक देखने को मिलता था।

सर्विस रोड को 20 मीटर तक चौड़ा करने का लक्ष्य

स्थानीय लोगों और रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए करीब सवा साल पहले केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और सांसद मनोज तिवारी ने मौके का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को सर्विस रोड के चौड़ीकरण के निर्देश दिए थे। अब एनएचएआई ने इस दिशा में काम तेज कर दिया है। खजूरी चौक के पास मौजूद ढलान को भी कम किया जा रहा है, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और वाहनों की आवाजाही सुचारु हो सकेगी। मशीनों की मदद से तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है और लक्ष्य है कि पूरे सर्विस रोड को 20 मीटर तक चौड़ा किया जाए। इस परियोजना की निगरानी कर रहे आनंद त्रिवेदी ने बताया कि खजूरी चौक को पूरी तरह जाम मुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

20 दिनों के लिए सर्विस रोड बंद

पिछले कुछ दिनों में यहां कई सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं और सर्विस रोड के चौड़ीकरण से इस इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था काफी बेहतर हो जाएगी। हालांकि, निर्माण कार्य के चलते फिलहाल सर्विस रोड को 20 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। लेकिन काम पूरा होने के बाद इस क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।