Delhi Water Supply Crisis: चन्द्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आयी खराबी के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जल संकट बना हुआ है। इस समस्या के चलते कई इलाकों में जलापूर्ति बाधित हो रही है। हालांकि दिल्ली जल बोर्ड की ओर से लगातार इस परेशानी को ठीक करने की कोशिश की जा रही हैं। इस बारे मे शनिवार को जल बोर्ड ने एक अलर्ट भी जारी किया है। इसमें कहा गया है कि चाणक्यपुरी से लेकर पहाड़ गंज के इलाकों में अब दिन में दो बार की जगह सिर्फ एक बार ही पानी की आपूर्ति होगी। जलबोर्ड ने कहा कि फिलहाल चन्द्रावल प्लांट अपनी क्षमता से काफी कम ही सप्लाई कर पा रहा है। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकरों का पर्याप्त इंतजाम किया गया है।
तीन से चार दिन तक हो सकती है समस्या
दिल्ली जल बोर्ड ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया कि चंद्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में प्रभावित मोटर की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। वर्तमान स्थिति के अनुसार सामान्य जलापूर्ति बहाल होने में अभी तीन से चार दिनों का समय लगने की संभावना है। इस स्थिति के चलते जलबोर्ड ने चंद्रावल वाटर प्लांट से जुड़े कई भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों के लिए रोस्टर जारी किया है। इसके अनुसार अब प्रभावित इलाकों में जल की आपूर्ति पूरे दिन में सुबह या शाम को केवल एक बार की जाएगी। जबकि इन इलाकों में पहले दिन में दो बार पानी की आपूर्ति की जाती थी।
चन्द्रावल प्लांट की खराबी से प्रभावित इलाके
जलबोर्ड ने बताया कि चन्द्रावल वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में खराबी के चलते हिंदूराव अस्पताल, नया बाजार, कश्मीरी गेट, मोतिया खान, पूसा रोड, राजेंद्र नगर, पहाड़गंज आदि इलाके शामिल हैं। अब इन इलाकों में केवल सुबह के समय पानी की आपूर्ति हो रही है। वहीं विनय मार्ग, चाणक्यपुरी, नेहरू पार्क, अशोक होटल, अकबर होटल और सरोजिनी नगर से इलाके में शाम के समय पानी मिलेगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो यात्री ध्यान दें! महिला कोच में एंट्री और फर्श पर बैठ पर सख्ती, नियम तोड़े तो लगेगा 5000 तक का जुर्माना























