DMRC की विशेष पहल, 21 जून को सुबह 4 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं

Summary :

दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू करने का निर्णय लिया है। यह पहल योग आयोजन स्थलों तक समय पर पहुंचने के लिए की गई है। डीएमआरसी ने सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी साझा की है, जिससे योग उत्साही लोगों को सुविधा मिल सके।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो ने एक अहम फैसला लिया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने घोषणा की है कि 21 जून को मेट्रो सेवाएं सुबह 4 बजे से ही शुरू की जाएंगी। डीएमआरसी के इस फैसले का उद्देश्य यह है कि योग आयोजन स्थलों तक लोग समय से पहुंचे। दिल्ली मेट्रो ने गुरुवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुबह 4 बजे से दिल्ली मेट्रो की सेवाएं शुरू होंगी। पोस्ट में आगे लिखा गया, “अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 2025 के अवसर पर योग के प्रति उत्साही लोगों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए 21 जून 2025 (शनिवार) को सभी आरंभिक स्टेशनों से दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4 बजे से शुरू होंगी।”

डीएमआरसी ने कहा, “दैनिक समय सारिणी के अनुसार सुबह 4 बजे से लेकर यात्री सेवाओं के शुरू होने तक सभी लाइनों पर 30 मिनट के अंतराल पर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।”

दिल्ली की हवा में ऐतिहासिक सुधार, संतोषजनक श्रेणी में AQI

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण 21 जून को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मान्यता दी। अपने प्रस्ताव में, यूएनजीए ने माना कि योग जीवन के सभी पहलुओं के बीच संतुलन बनाने के अलावा स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। इस वर्ष 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.