IND VS ENG 1st Test: टेस्ट डेब्यू में फेल हो गया भारत का ये सुपरस्टार खिलाड़ी, खाता भी नहीं खोल सका

Summary :

सिर्फ 4 गेंदों का सामना करते ही निकले पवेलियन

स्पोर्ट्स डैस्क : लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 20 जून (शुक्रवार) से शुरू हुआ। इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए एक नया चेहरा शामिल हुआ 23 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज़ बी. साई सुदर्शन, जिन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू किया। उन्हें टेस्ट कैप अनुभवी बल्लेबाज़ चेतेश्वर पुजारा ने सौंपी। सुदर्शन भारत की ओर से टेस्ट खेलने वाले 317वें खिलाड़ी बने।

हालांकि, डेब्यू मैच में साई सुदर्शन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने अपनी पहली टेस्ट पारी में केवल चार गेंदों का सामना किया और खाता खोले बिना (0 रन) पवेलियन लौट गए। पारी के 26वें ओवर में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की गेंद पर विकेटकीपर जेमी स्मिथ ने उनका कैच लपका। सुदर्शन ने लेग स्टंप की ओर जाती गेंद को फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेते हुए सीधा विकेटकीपर के हाथों में चली गई।

साई सुदर्शन टेस्ट डेब्यू पारी में नंबर-3 पर बल्लेबाज़ी करते हुए शून्य पर आउट होने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा वह ऐसे तीसरे भारतीय बने हैं, जो टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में टॉप-3 में बल्लेबाज़ी करते हुए डक पर आउट हुए हैं। इससे पहले कृष्णमाचारी श्रीकांत (1981) और देवांग गांधी (1999) ने ओपनिंग करते हुए अपने डेब्यू में बिना खाता खोले आउट होने का दुर्भाग्य झेला था।

सुदर्शन भारत के 29वें ऐसे खिलाड़ी हैं जो टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में शून्य पर आउट हुए हैं।

डेब्यू टेस्ट पारी में टॉप-3 में बल्लेबाज़ी करते हुए डक पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी:

कृष्णमाचारी श्रीकांत – बनाम इंग्लैंड, वानखेड़े (1981)

देवांग गांधी – बनाम न्यूजीलैंड, मोहाली (1999)

साई सुदर्शन – बनाम इंग्लैंड, लीड्स (2025)

डेब्यू टेस्ट पारी में डक पर आउट होने वाले भारतीय खिलाड़ी:

चंदू सरवटे (1946) से लेकर साई सुदर्शन (2025) तक अब तक 29 खिलाड़ी यह अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। इनमें गुंडप्पा विश्वनाथ, ऋद्धिमान साहा, आर. अश्विन और उमेश यादव जैसे नाम भी शामिल हैं।

लीड्स टेस्ट में दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:

भारत:

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।

इंग्लैंड:

जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।

Priya