नई दिल्ली : दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक कोर्सों में दाखिलों की होड़ में रोजाना सैकड़ों छात्र-छात्राएं विभिन्न कोर्सों में पंजीकरण कर रहे हैं। इस बार छात्रों द्वारा बीए(ऑनर्स) अंग्रेजी कोर्स को ज्यादा तबज्जो दे रहे हैं। दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत यानी 30 मई से रविवार देर रात तक बीए(ऑनर्स) अंग्रेजी कोर्स में कुल 92346 विद्यार्थी पंजीकरण कर चुके हैं।
वहीं दूसरे नंबर पर बीए (ऑनर्स) पॉलीटिकल सांइस कोर्स है, जिसमें अब तक 83504 पंजीकरण हो चुके हैं। बीए(ऑनर्स) इकोनॉमिक्स में 80277 और बीए(ऑनर्स) हिस्ट्री में 76635 छात्रों ने पंजीकरण करवाया है। डीयू के साउथ कैंपस स्थित दयाल सिंह कॉलेज में रविवार को आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में छात्रों को कोर्स चुनने के लिए परामर्श दिया गया।
इस मौके पर जेएनयू के रजिस्ट्रार प्रो. प्रमोद कुमार, जामिया से डॉ. मनसफ आलम, दयाल सिंह कॉलेज मॉर्निंग के प्रिंसिपल डॉ. आईएस बख्शी और प्रोफेसर एके भागी, दयाल सिंह कॉलेज इवनिंग के प्रिंसिपल डॉ. पवन शर्मा ने छात्रों को यह बताया गया कि वह कैसे अपनी रुचि, व्यक्तित्व और परिस्थितियों के अनुकूल कोर्स चुन सकते हैं।
आईपी यूनिवर्सिटी से नितिन मलिक ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी आकांक्षाएं अपने बच्चों पर ना थोपे और उन्हें अपने अनुसार रास्ता खोजने दें। कार्यक्रम के दौरान साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स के छात्रों का वर्गीकरण कर उनसे व्यक्तिगत चर्चा की गई।


Download Android App
Download iOS App



