दक्षिणी दिल्ली : द्वारका जिले के बिंदापुर थाना इलाके में सनसनीखेज वारदात में बड़े भाई ने अपने बुजुर्ग मां व छोटे भाई की चाकू व कैंची से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी तब तक घटना स्थल पर खड़ा रहा, जब तक मां और भाई बेहोश नहीं हो गए। इस वारदात में छोटे भाई ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया जबकि मां की मौत डीडीयू अस्पताल में हुई। मृतक की पहचान लता अरोड़ा(75) व राजेन्द्र अरोड़ा(54) के रूप में हुई है। आरोपी ने चाकू व कैंची से ताबड़तोड़ कई वार किए। घटनास्थल पर चारों तरफ खून फैला हुआ था।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर ही आरोपी सुनील अरोड़ा(56) का गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पुलिस को मामला प्रॉपर्टी का लग रहा है। छोटे भाई से लड़ाई के दौरान मां बीच-बचाव में आई और आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, लता अरोड़ा अपने दोनों बेटों के साथ राजापुरी गली नंबर पांच स्थित फ्लैट में रहती थी। मंगलवार देर शाम करीब पौने नौ बजे यहां गली नंबर पांच में कुछ लोग खड़े थे। तभी इन्होंने देखा कि राजेंद्र अरोड़ा खून से लथपथ दौड़ते हुए अपने घर से नीचे आ रहे हैं।
उनके शरीर पर जख्म के कई निशान थे। नीचे आने पर राजेंद्र ने इन्हें बताया कि उसके बड़े भाई सुनील ने उनका यह हाल किया है। यह भी कहा कि इनकी मां को भी सुनील ने काफी चोटें पहुंचाई है। यह सुनकर लोग राजेंद्र को लेकर उनके घर की तरफ निकले। इससे पहले कि ये फ्लैट में जाने के लिए सीढ़ियों तक पहुंचते इन्हें पार्किंग में सुनील नजर आ गया।
सुनील के हाथ में चाकू था और उसने राजेंद्र के साथ आए लोगों को धमकी देते हुए कहा कि यह हमारा घरेलू मामला है। तुम लोग बीच में नहीं आओ। इसके बाद सुनील ने वहीं पर राजेंद्र को फिर से चाकू घोपना जारी रखा और खींचकर उपर ले गया। इधर वहां मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। लेकिन इसके पहले कि वहां पीसीआर पहुंचती लोगों को गली के पास से दो पुलिसकर्मी गुजरते नजर आ गए। लोगों ने पुलिसकर्मी को मामले की जानकारी दी।
पुलिसकर्मी को देख लोगों को हिम्मत बढ़ी और सभी राजेंद्र व उनकी मां को बचाने फ्लैट की ओर चल पड़े। जब ये लोग फ्लैट में दाखिल हुए तो देखा कि राजेंद्र एक कुर्सी पर निढाल पड़ा है। उनकी सांसें बंद थीं। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था। मां घायल अवस्था में फर्श पर पड़ी हुई थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां बाद में इनकी भी मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



