कर्मचारियों पर एस्मा

Summary :

इस संबंध में दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को परिवहन विभाग ने गृह विभाग को एस्मा लगाने का प्रस्ताव भेजा था।

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने हड़ताल कर रहे दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के अनुबंधित कर्मचारियों पर छह माह तक के लिए एस्मा लगा दिया है। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत इस हड़ताल को गैर कानूनी बताया गया है। एस्मा लगने के बाद भी यदि कर्मचारी हड़ताल और प्रदर्शन करते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को परिवहन विभाग ने गृह विभाग को एस्मा लगाने का प्रस्ताव भेजा था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण डीटीसी का परिचालन पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। गृह विभाग ने शुक्रवार को इसे स्वीकृति देकर फाइल उपराज्यपाल के पास भेज दी थी। जिसे उपराज्यपाल से स्वीकृति मिलने पर गृह विभाग के विशेष सचिव ओ.पी. मिश्रा ने शनिवार को एस्मा लगाने के आदेश जारी कर दिए।

धरने पर जमे रहे डीटीसी कर्मचारी, देर रात तक की नारेबाजी… गत छह दिनों से डीटीसी के मुख्यालय आईपी डिपो पर धरने कर रहे अनुबंधित कर्मचारियों पर शनिवार को उपराज्यपाल ने आवश्यक सेवा रख-रखाव अधिनियम (एस्मा) लगा दिया लेकिन धरने पर बैठे सैकड़ों कर्मचारियों ने इस कदम का पुरजोर विरोध करते हुए वहां से हटने से इंकार कर दिया। सैकड़ों की संख्या में डीटीसी मुख्यालय पर एकत्र हुए कर्मचारियों ने देर रात तक सरकार और डीटीसी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का एक सुर में कहना था कि केजरीवाल सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन हो गई है।

डीटीसी कर्मियों ने लिखा सीएम केजरीवाल को पत्र

छठे दिन प्रशासन ने डीटीसी मुख्यालय पर भारी पुलिस बल भेजकर प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी देर रात तक मोर्चें पर डटे रहे। करवा चौथ का व्रत होने के बावजूद कुछ महिला कर्मचारी भी सुबह से ही धरने पर बैठी रहीं। प्रदर्शन कर रही यूनियन आॅल कांट्रैक्चुअल एम्प्लाइज एकता मिशन के अध्यक्ष वाल्मीकि झा तथा कार्यकारी अध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि अहंकार में डूबी दिल्ली सरकार डीटीसी कर्मचारियों की घोर उपेक्षा कर रही है। लगभग सभी अनुबंधित कर्मचारियों की एकजुटता से केजरीवाल सरकार घबरा गई है, इसलिए एस्मा जैसे कदम उठाकर दमनकारी नीति अपना रही है।

कर्मचारियों ने कहा कि सत्ता में आने के बाद केजरीवाल का असली चेहरा देखने को मिल रहा है। यहां बता दें कि एलजी ने छह महीने के लिए एस्मा लगाया है। क्योंकि अनुबंधित कर्मचारी गत 22 अक्टूबर से हड़ताल कर रहे हैं। एस्मा लगाए जाने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल डीटीसी मुख्यालय पर पहुंच गया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को काफी समझाया लेकिन कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपना प्रदर्शन जारी रखा। उनका कहना था कि हम अंतिम दम तक प्रदर्शन करते रहेंगे। पुलिस के आलाधिकारियों ने कहा कि प्रदर्शन कारियों के खिलाफ कार्रवाई करना सरकार और डीटीसी का काम है। हम केवल यहां स्थिति को नियंत्रण में करने आये हैं।

Desk Team