North-West District Crime News : नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के पीतमपुरा इलाके में बुधवार सुबह बाइक सवार दो शूटरों ने एक फाइनेंसर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने फाइनेंसर साहिल जैन उर्फ गूगल के घर की ओर गोलियां चलाईं और पार्किंग में खड़ी कार को निशाना बनाया। वारदात में कुल 6 राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। गनीमत रही कि गोलियां दीवार और कार पर लगीं। वारदात के बाद दोनों शूटर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना एक सीसीटीवी में कैद है।
पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। यहां बता दें कि साहिल जैन उस वक्त चर्चाओ में आया था, जब कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंश बिश्नोई ने उसे धमकी दी। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर पुरानी रंजिश, गैंगवार और एक्सटॉर्शन से जोड़ते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध बाइक पर आते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक शूटर बाइक से उतरकर साहिल जैन के घर की ओर निशाना साधते हुए कई राउंड गोलियां चलाता नजर आता है। फिर बदमाश पार्किंग में खड़ी कार पर भी फायरिंग करते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं। वारदात को अंजाम देने का तरीका सुनियोजित हमले की आशंका पैदा कर रहा है। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह पुलिस जांच और आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट होगी।
साहिल जैन उर्फ गूगल का नाम इससे पहले भी चर्चा में रहा है। सूत्रों की माने तो वर्ष 2021 में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने उसे फोन कर धमकी दी थी। कथित बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया गया। जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। सूत्रों की माने तो साहिल कॉल सेंटर संचालन से भी जुड़ा रहा हैं। फिलहाल पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है या किसी दूसरे गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया है। शुरुआती आशंकाओं में रंगदारी के लिए फायरिंग का एंगल भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान, उनके आने-जाने के रास्तों और वारदात से पहले तथा बाद की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, साहिल जैन वर्ष 2019 में दुबई शिफ्ट हो गया था और इसी साल जुलाई में भारत लौटा था। उसकी वापसी के बाद अब उसके घर पर हुई फायरिंग को लेकर जांच एजेंसियां विभिन्न पहलुओं पर गौर कर रही हैं। हालांकि, विदेश से वापसी और गोलीबारी के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


Download Android App
Download iOS App




