नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व विधायक शोएब इकबाल बुधवार को आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। शोएब इकबाल मटिया महल से पांच बार विधायक रह चुके हैं। 2003 से 2008 वे दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रह चुके हैं।
2015 का विधानसभा चुनाव वह कांग्रेस के टिकट पर लड़े थे। शोएब इकबाल 2013 के विधानसभा चुनाव में जनता दल यूनाइटेड की टिकट पर चुनाव जीते थे। शोएब के कांग्रेस छोड़ने की घटना को एक बड़ा झटका बताया जा रहा है लेकिन कांग्रेस इसे पार्टी के लिए झटका नहीं मानती है। कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उनको इस बात की जानकारी हो गई थी कि पार्टी उन्हें टिकट नहीं दे रही है, इसलिए उन्होंने आप पार्टी ज्वाइन कर ली।
दूसरी तरफ शोएब इकबाल के पार्टी की सदस्या दिलाने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शोएब इकबाल अपनी पूरी टीम के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। उनका पार्टी दिल से स्वागत करती है। हमारी पार्टी पिछले पांच साल से दिल्ली में गरीबों के लिए काम कर रही है।
हम मिल कर दिल्ली को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद शोएब इकबाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने से मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले पांच साल में बहुत अच्छे काम किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



