नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि वित्त मंत्रालय की स्टैंडिंग कमेटी द्वारा काले धन को लेकर जारी किए गए रिपोर्ट बेहद ही चिंतनीय है। यह बेहद चौंकाने वाली बात है कि भाजपा दो बार काले धन के मुद्दे को लेकर देश की सत्ता में आई। आज वह कह रही है कि विदेशों में करीब 9 लाख 41 हजार करोड़ रुपए गरीबों, किसानों और मजदूरों के हक का पैसा कालाधन के रूप में चंद नेताओं, उद्योगपतियों और अधिकारियों ने लूटकर रखा है, उसे नहीं लाया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यह बड़े ही शर्म की बात है कि हिंदुस्तान दुनिया के शीर्ष 5 काला धन रखने वाले देशों में शुमार हो गया है। संजय सिंह ने कहा कि मेरा मानना है कि अगर विदेशों में जमा काला धन वापस आ जाए तो देश में बेरोजगारी को कम किया जा सकता है।किसानों के कर्जे माफ किए जा सकते हैं, किसानों को उनकी फसल का डेढ़ गुना दाम दिया जा सकता है। माताओं-बहनों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।
नए स्कूल-कॉलेजों एवं अस्पतालों का निर्माण किया जा सकता है। राष्ट्र के निर्माण में यह पैसा अहम भूमिका निभा सकता है। सांसद ने कहा कि केवल बैठकर बड़ी-बड़ी बातें करने से कुछ नहीं होगा। भाजपा की केंद्र सरकार को कड़े कदम भी उठाने पड़ेंगे। कुछ नीरव मोदी, विजय माल्या जैसे लोग जो देश का हजारों करोड़ लूटकर विदेश में बैठे हुए भारत सरकार को चिढ़ा रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



